The Royal Family's Vacation: कभी सोचा है, ब्रिटेन का शाही परिवार घूमने में कितना खर्च करता है?
कभी न कभी हम सबने ये ज़रूर सोचा है कि ब्रिटेन का शाही परिवार घूमने में कितना पैसा खर्च करता है। आज बात करेंगे इस शाही परिवार के मल्टी-मिलियन डॉलर की यात्राओं के बारे में।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। The Royal Family's Vacation: दुनिया के सबसे मशहूर ब्रिटेन के शाही परिवार के बारे में शायद ही कुछ ऐसा हो जो हम न जानते हों। ये परिवार हमेशा सुर्खियों में रहता है, खासकर रानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का लंबा शासनकाल है जिसने सभी को बांधे रखा है। चाहे वह प्रिंसेज़ डायना की दुखद और दर्दनाक मौत हो या फिर मेघन मार्कल द्वारा लाए गए सदियों से चली आ रही व्यवस्था में बदलाव हों, शाही परिवार की छोटी से छोटी बातें एक वैश्विक चर्चा बन जाती हैं।
ये परिवार एक शानदार और शाही जीवन जीता है, लेकिन फैन्स यह जानने के लिए हमेशा से उत्सुक हैं कि आख़िर ये परिवार छुट्टी पर जाने के लिए अपने यात्रा पर कितने पाउंड खर्च करता है।
सर्दियों के दौरान क्वीन एलीज़ाबेथ कम से कम तीन महीने तक नॉरफ़ोक के सैंड्रिंघम एस्टेट में समय बिताती हैं। प्रिंस फिलिप अक्सर उनके साथ ही होते हैं और ये जोड़ी सैंड्रिंघम साथ में काफी समय गुज़ारती है। और अगर नॉरफ़ोक नहीं जाते, तो क्वीन और प्रिंस विंडसर कासल से बकिंघम पैलेस तक की यात्रा करते रहते हैं।
वहीं, दूसरी तरफ, ड्यूक एंड डचेस ऑफ कैम्ब्रिज हर साल दो बार शाही यात्राएं करते हैं। गर्मियों में ये जोड़ी अपने बच्चों के साथ बीच हॉलीडे पर जाती है और फिर सर्दियों के समय शाही परिवार के साथ सैंड्रिंघम में क्रिसमस मनाने से पहले कुछ हफ्तों के लिए घूमने जाते हैं।
जबकि मेघन को शाही परिवार में शामिल हुए ज़्यादा वक्त नहीं हुआ, लेकिन छुट्टी के लिए ज़्यादा पैसा खर्च करने के उनके तरीकों की अक्सर आलोचना की गई। वह प्रिंस हैरी के साथ प्राइवेट जेट में न्यूयॉर्क और यूरोप की यात्रा पर जा चुकी हैं। ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स को अपनी विस्तृत और असाधारण यात्रा जीवन शैली के लिए जाना जाता है।
इतना होता है खर्च
अब आप सोच रहे होंगे कि शाही परिवार का छुट्टियों में कुल कितना खर्च होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रॉयल परिवार पेशेवर और व्यक्तिगत यात्राओं के लिए लगभग 6 मिलियन डॉलर खर्च कर चुका है। लिस्ट में सबसे ऊपर हैं प्रिंस चार्ल्स और कैमिला, इन्होंने इटली, रोमानिया और ऑस्ट्रिया में 9 दिन गुज़ारे थे। जिसका कुल खर्च करीब 203,609 डॉलर आया था। दूसरी ओर प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ने भारत और भूटान की अपनी यात्रा पर 129,187 डॉलर खर्च किए थे। यात्रा के इस खर्च में हवाई यात्रा के अलावा स्टाफ, कपड़े, खाना, रुकना, लोकल सफर शामिल है।