साल 2020 में क्रॉकरी में किस तरह के कलर, स्टाइल और मैटीरियल बिखेर रहें हैं अपनी चमक, जानें यहां
साल 2020 में कौन-से कलर स्टाइल और मटीरियल की क्रॉकरी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बता रही हैं सखी की इंटीरियर डिज़ाइनर नताशा सिंह।
साल 2020 में सॉफ्ट कलर पैलेट क्रॉकरी की दुनिया में छाई रहेगी। खासकर न्यूट्रल शेड्स, मॉव, ब्लू के हलके शेड्स, व्हाइट या व्हाइट के साथ ब्लू व ब्लैक के अलग-अलग पैटर्न्स अपनी ओर ध्यान खींचेंगे। मैट फिनिश और टेक्सचर्ड क्रॉकरी भी ट्रेंड में रहेंगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रिसाइकल्ड मटीरियल से बनी क्रॉकरी का चलन भी दिखेगा।
खाना जितना स्वादिष्ट होना ज़रूरी है, उतना ही स्टाइल से परोसा जाना भी। शायद इसीलिए सदियों से खाना परोसने के लिए स्टाइलिश क्रॉकरी इस्तेमाल होती रही है। समय-समय पर क्रॉकरी के कलर, डिज़ाइन और मटीरियल को लेकर प्रयोग भी होते रहते हैं। बाज़ार में हर साल दिखती नए स्टाइल की क्रॉकरी इन्हीं प्रयोगों और डिज़ाइनर्स की कल्पनाशीलता की देन है। तो आइए जानते हैं, इस साल क्रॉकरी में कौन-से रंग, डिज़ाइन और मटीरियल दिखाई देंगे।
व्हाइट का जलवा
क्लासी लुक देने वाली सफेद क्रॉकरी हमेशा ट्रेंड में रहती है। इस साल भी प्योर व्हाइट के साथ-साथ व्हाइट पर ब्लू व ब्लैक डिज़ाइन वाली क्रॉकरी पसंद की जाएगी। इसके अलावा लाइट और डार्क ब्लू के अलग-अलग शेड्स भी सबको लुभाएंगे। खासकर रॉयल ब्लू में ग्लॉसी और स्काई ब्लू में मैट फिनिश क्रॉकरी ज़्यादा पसंद की जाएगी। यही नहीं व्हाइट और ब्लू के मेल वाले ज्योमेट्रिकल पैटर्न्स भी डिमांड में रहेंगे।
छाएंगे न्यूट्रल शेड्स
इस साल न्यूट्रल शेड्स की ओर लोग ज़्यादा आकर्षित होंगे। खासकर बेज और ग्रे की ओर ज्य़ादा झुकाव दिखेगा। इन कलर्स में नई स्टाइल और फिनिश देखने को मिलेगी। जैसे कुछ समय पहले तक सिर्फ ग्लॉसी फिनिश में आने वाली बेंज क्रॉकरी अब मैट फिनिश में भी दिखाई देगी। ग्रे क्रॉकरी हमेशा की तरह या तो मैट फिनिश या फिर ब्लैक के साथ किसी पैटर्न में ट्रेंड करेगी। ये दोनों ही कलर पेस्टल पिंक, लाइट ब्लू या व्हाइट के साथ कॉम्बिनेशंस में भी दिखाई देंगे।
स्टाइल का जादू
पिछले कुछ समय से क्रॉकरी के आकार में भी परिवर्तन आया है। इस साल भी यह बदलाव दिखाई देगा। इसी के चलते चौकोर, त्रिकोण और असिमिट्रिकल आकार की क्रॉकरी बाज़ार में छाई रहेगी। यही नहीं, पारंपरिक और हैरिटेज पैटर्न की क्रॉकरी भी वापसी करेगी। इनमें ग्लेज़्ड स्टोन, कॉपर और सिरेमिक पैटर्न्स वाली क्रॉकरी प्रमुख है। अलग-अलग मटीरियल्स के कॉम्बिनेशंस और अलग-अलग रंगों की लेयरिंग भी काफी पसंद की जाएगी।