लॉकडाउन के बाद गर्मी की छुट्टियों की योजना बनाने में जुटे लोग, पुर्तगाल जा सकते हैं ब्रिटिश नागरिक
सोमवार को जैसे ब्रिटेन में लॉकडाउन को कुछ सीमित प्रतिबंधों के साथ खोला गया तो मनमस्त लोगों का रैला समुद्रतटों और बाजार में दौड़ने लगा।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल। ब्रिटेन में इस वक्त जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है। अगले महीने से गर्मी की छुट्टियां पड़ने वाली हैं, लेकिन ब्रिटेन में आने वाले हर शख्स को 14 दिन का क्वारंटाइन किया जाएगा। इसलिए वहां के लोगों में चिंता है कि किस तरह गर्मी की छुट्टी मनाई जाए। पुर्तगाल ने इस समस्या का समाधान खोजने के लिए ब्रिटेन सरकार से संपर्क किया है। उम्मीद है कि दो महीने की बोरियत के बाद अगले महीने से गर्मी की छुट्टी मनाने के लिए ब्रिटेन के लोग पुर्तगाल जा सकेंगे।
यूरोप के देशों में लॉकडाउन को लगभग पूरी तरह से खोल दिया गया है। हालांकि, सरकारें एहतियात बरतने की सलाह दे रही हैं, लेकिन यहां के मनमौजी लोग इसे मानने के लिए तैयार ही नहीं हैं। सोमवार को जैसे ब्रिटेन में लॉकडाउन को कुछ सीमित प्रतिबंधों के साथ खोला तो मनमस्त लोगों का रैला समुद्रतटों और बाजार में दौड़ने लगा।
इन लोगों ने कोरोना के भय को दरकिनार करते हुए न तो सोशल डिस्टैंसिंग की परवाह की और न ही चेहरे पर मास्क जैसी कोई चीज लगाई। पुलिस लाख समझाती रही, लेकिन कोई मानने वाला नहीं था। ब्रिटेन में इस वक्त गर्मी का आलम है और लोग अपने घरों में रहना नहीं चाहते। अब बहुत जल्द ब्रिटेन के लोग आस-पास के देशों में घूमने फिरने के लिए भी जा सकेंगे। दोनों देशों की बातचीत को देखते हुए माना जा रहा है कि पुर्तगाल अगले महीने ब्रिटेन के लोगों को अपने देश में आने की इजाजत दे सकता है।
पुर्तगाल के विदेश मंत्री ने कहा है कि वह ब्रिटेन सरकार से इस मुद्दे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम कुछ खास पर्यटन स्थलों पर अगले महीने से ब्रिटेन के सैलानियों को सैर करने का मौका देंगे। अब तक नियम यह है कि अगर कोई ब्रिटेन आत है तो उसे 14 दिन का क्वारंटीन में रहना होगा, लेकिन पुर्तगाल ने कहा है कि अगर इस नियम में ढील दी जाए तो हम पर्यटन स्थलों को ब्रिटेन के लोगों के लिए खोल सकते हैं।
ब्रिटेन में अब गर्मी की छुट्टी होने वाली है। गर्मी में यहां के लगभग सभी लोग आसपास के देशों में सैर करने के लिए जाते हैं, लेकिन 14 दिन के क्वारंटाइन के कारण इस बार पर्यटन को भारी नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस समस्याओं के समाधान के लिए कम संक्रमित यूरोपीय देशों के साथ एयर ब्रीज बनाना चाहते हैं। इससे ब्रिटेन के लोग गर्मी की छुट्टी मनाने के लिए इन देशों में जा सकते हैं। इन्हें वापस आने पर क्वारंटाइन की जरूरत नहीं होगी।
पुर्तगाल के विदेश मंत्री अगस्तो सांतोस सिल्वा ने कहा कि क्वरंटाइन पर्यटन का सबसे बड़ा दुश्मन है। इसलिए पुर्तगाल ब्रिटेन की सरकार से इस नियम में ढील देने की गुजारिश करेंगे, ताकि अगले महीने गर्मी की छुट्टी में ब्रिटेन के लोग पुर्तगाल में अपने मनपसंद पर्यटन स्थल का दीदार कर सकेंगे।
Written by Shahina Noor