बचपन से सुनते आए हैं 'बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद', आज जान लीजिए इसकी असली वजह
हमने यह मुहावरा खूब पढ़ा और बोला है, लेकिन क्या कभी आपके दिमाग में यह सवाल कौंधा है कि इस ...और पढ़ें

आखिर बंदर को क्यों नहीं पता होता अदरक का स्वाद? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। "बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद"- यह एक ऐसा मुहावरा है, जिसे हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में न जाने कितनी बार सुनते और बोलते हैं। जब भी हमें यह जताना होता है कि किसी मूर्ख या अज्ञानी व्यक्ति को किसी कीमती चीज या इंसान की कद्र नहीं है, तो हम बिना देर किए इस कहावत का इस्तेमाल कर लेते हैं।
हालांकि, क्या आपने कभी एक पल के लिए भी यह सोचा है कि इस मुहावरे में बंदर और अदरक का ही जिक्र क्यों किया गया है? आखिर सच में बंदर अदरक का स्वाद क्यों नहीं पहचान पाता? आइए, आज इस कहावत के पीछे की असली कहानी को समझते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
जमीन के नीचे छिपा है पहला कारण
हम सभी जानते हैं कि बंदर एक शाकाहारी जीव है। जंगल में रहने के कारण वह तरह-तरह के पेड़-पौधों, वनस्पतियों और फूलों को बहुत अच्छी तरह से पहचानता है, लेकिन बात जब अदरक की आती है, तो कहानी थोड़ी बदल जाती है।
अदरक कोई फल या फूल नहीं है, बल्कि यह जमीन के अंदर उगने वाला एक तना है। इंसानों के पास चीजों के गुणों को परखने की कुदरती क्षमता होती है, जिससे वे अपनी जरूरत के हिसाब से अदरक को खोजकर उसका उपयोग कर लेते हैं। वहीं, पेड़ों पर उछल-कूद करने वाले बंदर का सामना इस भूमिगत तने से नहीं हो पाता है और वह इसके स्वाद व खूबियों से बिल्कुल अनजान रह जाता है।
एक ऐसा स्वाद, जिसे समझना है मुश्किल
बंदर के अदरक न खाने का एक और बहुत ही दिलचस्प कारण है, जो सीधे इसके स्वाद से जुड़ा है। सच कहा जाए तो अदरक का स्वाद तो इंसान भी ठीक से परिभाषित नहीं कर पाया है।
अगर आप ध्यान दें, तो पाएंगे कि अदरक न तो खट्टा होता है, न मीठा, न कड़वा और न ही तीखा। इसका स्वाद एकदम विशिष्ट और सामान्य से बिल्कुल अलग होता है। यही कारण है कि अगर कभी किसी बंदर के हाथ अदरक लग भी जाती है, तो वह इस अजीबोगरीब स्वाद को समझ ही नहीं पाता। उसे यह खाने लायक चीज नहीं लगती और वह इसे खाने के बजाय तुरंत फेंक देता है।
सेहत का खजाना है अदरक
भले ही स्वाद अजीब होने के कारण बंदर इसे चखकर फेंक देता हो और इसके गुणों को नहीं पहचान पाता, लेकिन इंसानों से इसकी अहमियत छिपी नहीं है। हम सब अच्छी तरह जानते हैं कि अदरक कितना अधिक गुणकारी है और हमारे शरीर के लिए यह किसी लाभकारी औषधि से कम नहीं है।
