विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तुम तो अटारी चढ़ जइयो…' बच्चे के जन्म पर गाया जाता है ये बुंदेली लोकगीत, सास-ननद से हंसी-ठिठोली करती है बहू

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:57 PM (IST)

इस बुंदेली लोकगीत में नेग बचाने के जरिए परिवार के हर रिश्ते की अहमियत और स्नेह को बेहद खूबसूरती से बयां किया गया है।

बच्चे के जन्म की खुशी में पारंपरिक गीत गातीं महिलाएं। (AI जनरेटेड तस्वीर)

बच्चे के जन्म की खुशी में पारंपरिक गीत गातीं महिलाएं। (AI जनरेटेड तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय संस्कृति में लोकगीतों का अपना एक खास स्थान है और जब बात घर में नए मेहमान के आगमन की हो, तो सोहर की मधुर धुनों के बिना उत्सव अधूरा लगता है।

बुंदेलखंड और उत्तर भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रचलित पारंपरिक सोहर गीत 'तुम तो अटारी चढ़ जइयो, खर्च पिया हम कर लेंगे' इन्हीं खास गीतों में से एक है, जो बच्चे के जन्म के जश्न को हंसी और ठहाकों से भर देता है।

बता दें, यह सिर्फ एक मनोरंजक गीत नहीं, बल्कि संयुक्त परिवार की सामूहिक खुशियों, सदियों पुरानी लोक रस्मों और पति-पत्नी की प्यारी नोकझोंक का जीवंत प्रतीक है।

Bundeli folk song on childbirth

नवजात शिशु को गोद में लिए मुस्कुराती बहू और ढोलक-मंजीरे के साथ जश्न मनातीं महिलाएं। (AI जनरेटेड तस्वीर)

क्या है 'अटारी चढ़ने' और 'तिजोरी के ताले' की कहानी?

बच्चे के जन्म के बाद घर में रिश्तेदारों का आना-जाना और रस्मों के बदले 'नेग' मांगने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस गीत में नई मां यानी जच्चा अपने पति से बड़ी ही चंचलता के साथ कहती है कि वह ऊपर अटारी पर जाकर छिप जाएं और मेहमानों के खर्च की चिंता छोड़ दें, क्योंकि वह खुद सबको संभाल लेगी।

गीत का सबसे मजेदार हिस्सा तब आता है, जब परिवार की महिलाएं एक-एक कर रस्म निभाने के बाद अपना नेग मांगती हैं। ऐसे में जच्चा बड़े ही भोलेपन और चतुराई से एक ही मीठा बहाना बनाती है-

"नाती तुम्हारो सासू हम भी तुम्हारे, लड़का तुम्हारो नहीं घर में... तिजोरी में ताला पड़ो है।
तुम तो अटारी चढ़ जइयो... तुम तो अटारी चढ़ जइयो।"

यानी अपनापन और सम्मान तो पूरा है, लेकिन चाबी वाले साहब घर पर नहीं हैं, इसलिए नेग के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।

गीत में छिपी हैं जन्म से जुड़ी पारंपरिक रस्में

इस लोकगीत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह हास्य-व्यंग्य के साथ-साथ प्रसव के बाद निभाई जाने वाली महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और स्वास्थ्य संबंधी परंपराओं की झलक भी देता है। गीत की शुरुआत सास द्वारा निभाई जाने वाली 'चरुआ धराई' की रस्म से होती है। बुंदेली और उत्तर भारतीय लोक परंपरा में 'चरुआ' शब्द वैदिक 'चरु' से जुड़ा है, जिसका अर्थ मिट्टी के पवित्र पात्र से है। इसमें सास नए मिट्टी के घड़े को गोबर और दूब से सजाकर उसमें जच्चा के स्वास्थ्य के लिए हल्दी और औषधीय जड़ी-बूटियों वाला पानी उबालती हैं और इसके बदले अपना नेग मांगती हैं।

"सासू जो आवे चरुआ धरावें... चरुआ धराई नेग मागें, बहाना पिया हम कर लेंगे।
तुम तो अटारी चढ़ जइयो... तुम तो अटारी चढ़ जइयो।"

Sohar folk song

खुशियों के माहौल के बीच परिवार की महिलाएं।(AI जनरेटेड तस्वीर)

इसी कड़ी में आगे जेठानी और ननद की भूमिका का भी सुंदर वर्णन मिलता है। प्रसव के बाद नई मां की सेहत और ताकत के लिए जेठानी सोंठ, गोंद और मेवे के पारंपरिक लड्डू बनाती हैं और 'लड्डू बनाई' का नेग मांगती हैं। वहीं, ननद नवजात शिशु को बुरी नजर से बचाने के लिए बड़े लाड़ से काजल लगाती हैं और 'काजल लगाई' के नेग की हकदार बनती हैं।

"जिठनी जो आवें लड्डू बनावें, लड्डू बनाई नेग मागें... बहाना पिया हम कर लेंगे।
तुम तो अटारी चढ़ जइयो... तुम तो अटारी चढ़ जइयो।"

"ननदी जो आवें काजल लगावें, काजल लगाई नेग मागे... बहाना पिया हम कर लेंगे।
तुम तो अटारी चढ़ जइयो... तुम तो अटारी चढ़ जइयो।"

हल्की-फुल्की ठिठोली में छिपी रिश्तों की मिठास

ढोलक की थाप और मंजीरे की खनक के बीच जब महिलाएं समूह में यह सोहर गाती हैं, तो पूरा घर हर्षोल्लास और ठहाकों से गूंज उठता है। ऊपर से देखने पर यह गीत भले ही नेग बचाने की तरकीब जैसा लगे, लेकिन इसके भीतर परिवार के हर सदस्य के प्रति गहरा अपनापन छिपा होता है।

गीत में सास, जेठानी और ननद पर किए जाने वाले ये मधुर कटाक्ष किसी नाराजगी का नहीं, बल्कि उस पारिवारिक एकजुटता का सबूत हैं, जहां नए मेहमान की देखभाल में पूरा घर एक साथ जुट जाता है। यही हल्की-फुल्की ठिठोली और भावनात्मक जुड़ाव इस पारंपरिक सोहर को आज भी लोगों के दिलों के बेहद करीब बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- Panchayat 5 के बीच फिर याद आया ‘ए राजा जी’, असल में है बिहार-पूर्वांचल का 'सोहर'; बेहद मजेदार है यह लोकगीत

यह भी पढ़ें- भतीजे के जन्म पर यूपी-बिहार में खूब जमता है इस सोहर का रंग, ननद-भौजाई की जुगलबंदी से चहक उठता है घर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।