विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Motivational Words: कामयाबी मेहनत से मिलती है, शॉर्टकट से नहीं!

By Jagran NewsEdited By: Ruhee Parvez
Published: Fri, 06 Oct 2023 07:00 AM (IST)Updated: Fri, 06 Oct 2023 07:46 AM (IST)

Motivational Words हर कोई यही चाहता है कि मेहनत भी कम करनी पड़े और जल्दी सफलता भी हाथ लग जाए। ...और पढ़ें

Motivational Story: मेहनत का कोई शॉर्ट कट नहीं
Motivational Story: मेहनत का कोई शॉर्ट कट नहीं

HighLights

  1. आज की पीढ़ी को ये बात समझने की जरूरत है कि मेहनत का कोई शॉर्ट कट नहीं हो सकता।
  2. पर्याप्त धैर्य और समय के साथ की गई मेहनत का परिणाम सार्थक होता है।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। पैसे कमाने की होड़ हो या परीक्षा में पास होने की प्रतिस्पर्धा, आजकल हर क्षेत्र में शॉर्ट कट की इच्छा रखने वालों की संख्या कुछ ज्यादा बढ़ गई है। सोशल मीडिया ने तरह-तरह की बेतुकी तकनीक से ऐसे ही हर बात में जुगाड़ का उपयोग करने का तरीका निकाल लिया है, जो कि हर वर्ग के लोगों के लिए नुकसानदायक है।

आज की पीढ़ी को ये बात समझने की जरूरत है कि मेहनत का कोई शॉर्ट कट नहीं हो सकता। पर्याप्त धैर्य और समय के साथ की गई मेहनत का परिणाम सार्थक होता है। आइए जानते हैं कैसे:

जब एक मां बच्चे को 9 महीने पेट में पालती है तभी एक स्वस्थ बच्चा पैदा होता है। असामयिक जन्म बच्चे और मां दोनों के लिए नुकसानदायक होता है। इसकी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है जिसके पहले बच्चा पैदा नहीं हो सकता है। इसी तरह एक बीज से जब एक पूरा फल बनता है या एक कैटरपिलर जब तितली का रूप लेता है, इन सभी प्राकृतिक संरचना का भी कोई शॉर्ट कट नहीं है।

इसी प्रकार जीवन के हर पड़ाव पर कई प्रकार की ऐसी चुनौतियां आती हैं जिसके समाधान और परिणाम के लिए एक निश्चित समय निर्धारित है। कुछ परिस्थितियों में हमें इस निश्चित समय का ज्ञान होता है, और कभी ये सुनिश्चित नहीं होता है कि कितने दिनों में सफलता मिलेगी। ऐसे में कुछ लोग अधीर हो जाते हैं और जल्दी परिणाम की लालसा उन्हें शॉर्ट कट अपनाने के लिए विवश कर देती है। यही वो भावना है जहां उन्हें अपने ऊपर नियंत्रण रखने की जरूरत होती है नहीं तो जल्दी सफलता पाने की ये लालसा उन्हें गलत विचारों और रास्तों से गुजरने के लिए प्रेरित करती है। फिर अच्छे से अच्छा इंसान भी गलत कदम उठाने के लिए मजबूर हो जाता है क्योंकि अंत में सभी को एक ही चीज चाहिए और वो है सफलता!

कुछ अपवाद में मौलिक सिद्धांत वाले विरले ही ऐसे रास्ते चुनने से कतराते हैं। क्योंकि उन्हें पता होता है कि शॉर्ट कट सुहाना तो है, लेकिन यह लंबे समय तक टिकने वाला नहीं है। सफलता के लिए चुने गए लंबे सफर में चुनौतियां और कठिनाइयां तो आती हैं और कई बार असफलता भी परिणाम के रूप में सामने आती है लेकिन एक धीर और शांत मन इसके महत्व को भी समझता है। असफलता का उपयोग नई चीज़ें सीखने की दिशा में करता है। इनसे निराश होना तो स्वाभाविक है लेकिन इनसे हताश हो कर पीछे नहीं हटता है।

क्योंकि किसी ने कहा है कि किस्मत मौका देती है लेकिन मेहनत चौंका देती है। किस्मत के धनी भले ही बिना मेहनत किए शॉर्ट कट से सफलता की सीढ़ी चढ़ जाएं लेकिन मेहनत का रास्ता पकड़ कर शीर्ष पर पहुंचे हुए इंसान की बराबरी हासिल नहीं कर सकता क्योंकि उसके पास रास्ते भर का अनुभव होता है जिसके कारण वो जीवन भर कठिन परिस्थिति से भिड़ने के लिए शेर की तरह दहाड़ सकता है वहीं शॉर्ट कट से सफलता पाने वाले एक छोटे से धक्के से भी हिल जाते हैं।

इसलिए खुद को और आने वाली पीढ़ी को भी इस शॉर्ट कट के मायाजाल में फंसने से बचाएं और एक ऐसे समाज का निर्माण करें जो धरातल पर रह कर धीरज रखते हुए एक-एक कदम मेहनत से उठाए और असफल होने की प्रक्रिया से भी कुछ सीखने की कोशिश करें।

Picture Courtesy: Freepik