सिर्फ भांगड़ा नहीं, मालवाई गिद्दा भी है पंजाब का लोक नृत्य; बिना किसी ढोली के पूरे जोश में किया जाता है ये डांस
पंजाब के लोक नृत्यों में भांगड़ा और गिद्दा के साथ-साथ मालवाई गिद्दा भी शामिल है। इस नृत्य को सिर्फ पुरुष करते हैं।

पंजाब का लोक नृत्य मालवाई गिद्दा (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब का लोक नृत्य सुनते ही दिमाग में सबसे पहले पुरुषों का भांगड़ा या महिलाओं का गिद्दा आता है, लेकिन यहां और भी खास लोक नृत्य देखने को मिलते हैं। मालवाई गिद्दा भी पंजाब का लोक नृत्य है, जिसे बाबेयां दा गिद्दा भी कहा जाता है।
इस लोक नृत्य की दिलचस्प बात है कि इसे भले ही गिद्दा कहा जाता है, लेकिन इसे पुरुष करते हैं। ये नृत्य गांव की जिंदगी और वहां के लोगों के मनोरंजन का जरिया रहा है। आइए जानें मालवाई गिद्दा की शुरुआत कैसे हुई और इसकी खासियत क्या है।
मालवाई गिद्दा का इतिहास
मालवाई गिद्दा की जड़ें पंजाब के मालवा क्षेत्र से जुड़ा है, जिसमें संगरूर, बठिंडा, पटियाला, मुक्तसर और मानसा जैसी जगहें आती हैं। माना जाता है कि इस नृत्य की शुरुआत संगरूर जिले से हुई थी, जहां से धीरे-धीरे ये पूरे मालवा क्षेत्र में मशहूर हो गया। हालांकि, कुछ लोग ये भी मानते हैं कि इस लोक नृत्य की शुरुआत मुल्तान में हुई थी, जो आज पाकिस्तान में आता है और वहां से ये मालवा क्षेत्र तक पहुंचा और यहां की संस्कृति का हिस्सा बन गया।
पारंपरिक रूप से इस नृत्य की शुरुआत गांव क बुजुर्ग पुरुषों या अविवाहित रहने वाले पुरुषों ने की थी। पहले के समय में जब गांव में किसी के घर शादी-ब्याह या कोई खुशी का अवसर होता था, तो महिलाएं आंगन में गिद्दा डालती थीं और बुजुर्ग पुरुष घर के बाहर गिद्दा करते थे। इसलिए इसका नाम बाबेयां दा गिद्दा पड़ा। हालांकि, आज युवा भी इस नृत्य को करते हैं।
मालवाई गिद्दा की खासियत
पारंपरिक रूप से गिद्दा सिर्फ महिलाएं करती हैं, लेकिन मालवाई गिद्दा सिर्फ पुरुष ही करते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें किसी संगीतकार या बैंड की जरूरत नहीं होती। नर्तक खुद ही वाद्य यंत्र बजाते हैं और गाते हुए गिद्दा करते हैं।
आमतौर पर इसमें चिमटा, ढोलक, सप्प और तुम्बी जैसे वाद्य यंत्रों का इस्तेमाल होता है और पुरुष बोलियां गाते हुए नृत्य करते हैं। इन बोलियों में हंसी-मजाक, व्यंग्य और रिश्तों की नोंक-झोंक खूब सुनने को मिलती है। नर्तक रंग-बिरंगी पगड़ी, कुर्ता और चादर पहनकर इस नृत्य को पूरे जोश के साथ करते हैं।
इस नृत्य में एक नर्तक सबसे पहले घेरे के बीच में आकर खड़ा होता है और बोली गाना शुरू करता है। बोली खत्म होते-होते सभी नर्तक पूरे जोश के साथ ढोलक, चिमटे और सप्प आदि बजाना शुरू करते हैं और एक साथ नृत्य शुरू करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।