दीवाली के लिए नहीं करनी पड़ेगी दिनभर सफाई, जापानियों की इन आदतों को बना लें रूटीन; चमचमाता दिखेगा घर
जापान में घर की साफ-सफाई को एक दैनिक अनुष्ठान के रूप में देखा जाता है, न कि सिर्फ साल में एक बार।

घर की सफाई के खास जापानी हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिवाली आने वाली है और उससे 10-15 दिन पहले ही घरों में साफ-सफाई शुरू हो जाती है। कई घरों में तो साल में एक ही बार इन्हीं दिनों में सफाई होती है। पर जापान में यह डीप क्लीनिंग साल में एक बार न होकर हर दिन होती है और उनके घर हमेशा ही चमकते रहते हैं। पता है क्यों? क्योंकि यहां घर को साफ सुथरा रखने के लिए एक अलग तरीके को अपनाया जाता है।
अगर आप भी अपने घर को हमेशा चमचमाता हुआ रखना चाहते हैं, तो ये जापानी हैक्स आपके काम आ सकते हैं।
मेन गेट पर जूते उतारना
जापान में जेनकेन का मतलब है कि अपने घर के में गेट पर ही जूते उतारना ताकि बाहर की गंदगी अंदर न आने पाए। जापानी घरों में मेन गेट के पास एक रैक रखी होती है, जहां लोग अपने जूते हमेशा उतारकर ही अंदर आते हैं। ये छोटी-छोटी आदतों लोगों को अनुशासन में रहना सिखाती हैं।
गैर जरूरी चीजों को बाहर निकाल देना
जापानी में दानशारी जैसा कॉन्सेप्ट भी फॉलो किया जाता है, यह उनके जीवनशैली के दर्शन से जुड़ा हुआ है। इसका सीधा सा मतलब है कि जिन चीजों की जरूरत नहीं है, उन्हें बिना सोचे त्याग दो। यह हमें मटेरियल चीजों के प्रति मोह से छुटकारा दिलाने की बात करता है। कई बार लोग पुरानी चीजें इसलिए भी नहीं फेंक पाते क्योंकि इससे उनकी किसी तरह की भावना जुड़ी हुई है।
सफाई एक रिचुअल है
हमारे घरों में सफाई करने को एक काम की तरह देखा जाता है, जो कहीं न कहीं एक बोझ या दबाव है। जबकि जापान में लोग इसे एक रिचुअल की तरह देखते हैं जिसके पीछे मन की शांति से जुड़ी गहरी भावना है। ऐसे में साफ-सफाई उनके सुबह के रूटीन का अहम हिस्सा है।
बाथरूम के लिए अलग चप्पलें
अगर आप चाहते हैं कि कीटाणु और गंदगी घर में और जगह न फैले, तो इसके लिए आप बाथरूम की चप्पलें अलग रख सकते हैं। जापानी लोग इस तरीके को घर की शुद्धता के लिए जरूर फॉलो करते हैं।
अकेले न करके सभी को जिम्मेदारी बांटे
सफाई के लिए अकेले जुट जाना कई बार थकान भरा हो सकता है, ऐसे में घर के और सदस्यों, छोटे बच्चों की क्लीनिंग से जुड़ी छोटी-छोटी चीजें दें।
हर दिन थोड़ा-थोड़ा समय दें
जापान में एक सोजि नाम का भी कान्सेप्ट है, जिसके मुताबिक हफ्ते, महीने या साल में सारी सफाई एक साथ करने के बजाय हर दिन 15 मिनट का समय दें। मान लीजिए कि आप हर हफ्ते बाथरूम की सफाई करते हैं, ऐसे में हर दिन 10 मिनट देकर उसकी क्लीनिंग करते रहें या किचन में खाना बनाने के तुरंत बाद स्लैब साफ कर दें। जिससे बाद में उस काम को करना बोझ न लगे।
साल की बड़ी सफाई
जिस तरह हम दिवाली पर सफाई करते हैं, जापान में नए साल से पहले ओसोजी यानी बड़ी सफाई की जाती है। यह कोई काम नहीं, उनका एक धार्मिक अनुष्ठान है; ठीक वैसे ही जैसे हमारे यहां सफाई करने पर लक्ष्मी घर में आती है। यह तरीका सकारात्मक ऊर्जा को बनाए रखने के लिए अपनाया जाता है।
