ठेठ भोजपूरी गीत और घाघरा-चोली पहने पुरुष, पूर्वांचल की लोकसंस्कृति का अनोखा मेल है ‘नटुआ नाच’
नटुआ नाच बिहार और पूर्वांचल की लोक संस्कृति की एक खास पहचान है, जिसमें पुरुष नर्तक महिलाओं के वेश में नृत्य करते हैं।

लोकपरंपरा की खास पहचान है नटुआ नाच (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार और पूर्वांचल के लोकनृत्य की बात जब भी आती है, उसमें नटुआ नाच का जिक्र भी किया जाता है। वो चाहे शुभ अवसर हों, शादी-ब्याह हो या कोई तीज-त्योहार; उसमें नटुआ नाच होने लगे तो ऐसा लगता है कि उत्सव में जान ही आ गई। आइए आपको पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की शान कहे जाने वाले इस नाच के बारे में बताते हैं।
लोकपरंपरा की खास पहचान है नटुआ नाच
नटुआ नाच भोजपुरी भाषी क्षेत्र का एक खास लोकनृत्य है, इसकी झलक बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों खासकर सोनभद्र में देखने को मिलती है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें पुरुष नर्तक महिलाओं के कपड़े जैसे- घाघरा, चोली, साड़ी और ब्लाउज पहनकर यानी पूरी तरह से महिला की तरह बनकर थिरकते नजर आते हैं। इस नाच ने आज भी भोजपुरी नृत्य की संस्कृति को जीवंत बनाए रखा है।
ऊर्जा और फुर्ती से दिखाते हैं प्रदर्शन
इसमें नर्तक नाचते हुए अपनी कलाबाजियां भी पेश करते हैं, जैसे- हवा में अचानक ऊंची छलांग लगाना, जमीन पर तेजी से घूमना और पिरामिड बनाना। यह सभी काम बड़ी ही फुर्ती और ऊर्जा के साथ किए जाते हैं। उनका कौशल के साथ बनाया गया संतुलन भी देखने लायक होता है।
नृत्य और नाटक का अनोखा मेल
इसे हम अकेले एक डांस फॉर्म नहीं कह सकते क्योंकि इसमें कलाकार आपको नाचने के साथ ही चेहरे के हाव-भाव और शारीरिक मुद्राओं की मदद से पूरी कहानी कहते नजर आएंगे। कभी ये कहानियां पौराणिक होती हैं, कभी इनमें गांव के जीवन का खट्टा-मीठा रंग दिखता है।
जब नृत्य होता है तो पुरुष घाघरा चोली पहनते हैं और जैसे ही नाच नाटक के फॉर्म में बदलता है, पुरुषों का भेष भी साड़ी और ब्लाउज में बदल जाता है। इस दौरान जो भोजपुरी गीत गाए जाते हैं, वो मंत्रमुग्ध कर देते हैं।
मृदंग की थाप और कसावर की ताल पर होता है नृत्य
नटुआ नाच की असली जान मृदंग और कसावर वाद्य यंत्र हैं। जहां मृदंग की थाप से नृत्य का बेस तैयार होता है, तो वहीं कसावर की तीखी और खनकती ताल माहौल को उत्साह से भर देती है। जबकि नाटक के समय मृदंग की जगह ढोलक और कसावर की जगह सारंगी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा, छढ़, जोड़ी और कसनहटी (घांटी) जैसे लोक वाद्ययंत्रों को भी उपयोग में लाया जाता है।
