शादी के बाद छोटी बातें क्यों बन जाती हैं बड़े झगड़े? रिश्ते बचाने के लिए अपनाएं ये तरीके
इन दिनों पणजी स्थित गोवा कालेज आफ होम साइंस में शुरू होने वाले एक नए पाठ्यक्रम की खूब चर्चा हो ...और पढ़ें

शादी के बाद क्यों होते हैं झगड़े रिश्ते बचाने के लिए अपनाएं ये तरीके
HighLights
विवाह पूर्व परामर्श और आपसी अपेक्षाओं को समझना महत्वपूर्ण है
रिश्तों में परिपक्वता, प्रतिबद्धता और खुले संवाद की आवश्यकता है
साथी को स्वीकारें, तुलना न करें, समस्याओं पर खुलकर बात करें
सीमा झा, नई दिल्ली। कोमल की शादी ऐसी होनी चाहिए, जैसी अब तक परिवार में किसी की न हुई हो। ठीक है पापा, आपकी यह ख्वाहिश भी पूरी होगी, ठीक उसी तरह जैसे बेटी को इंजीनियर बनाने की इच्छा पूरी हो गयी। कोमल अपने पिता से यह कहते हुए वहीं पास खड़ी मां से लिपट गई। शादी का वह दिन भी सामने था जिसकी तैयारी कोमल व उसके होने वाले पति महीनों पहले से कर रहे थे। शादी का आलीशान मंडप और शाही शान दर्शाते परिधानों में सजी दुल्हन बनी कोमल को देखकर सबकी खुशी का ठिकाना न था। वेंडिंग प्लानर के साथ मिलकर शादी समारोह को पर्सनलाइज्ड रूप दिया गया। यानी सभी रस्में अपनी पसंद के अनुसार बेहतर से बेहतर ढंग से पूरी हुईं।
अभी दो माह बीते ही थे कि सारी खुशियों को जैसे ग्रहण लग गया। हनीमून पर बाली, इंडोनेशिया गई कोमल का अपने पति से जो झगड़ा शुरू हुआ, उससे मायका हो या ससुरालवाले सभी सकते में थे। पति के शादी से पूर्व साथ निभाने वाली कस्मों-वादों को याद कर कोमल घोर निराशा में डूब गयी तो उसके माता-पिता उसके भविष्य को लेकर आशंकाओं से घिर गए।
ऐसी कहानियां बताती हैं कि शादी के बाद हर बदलाव नया होता है। कुछ ऐसे होते हैं जो आनंदायक होते हैं, कुछ बहुत परेशान भी कर सकते हैं। कुछ चुनौतियां ऐसी हो सकती हैं जो धैर्य की कड़ी परीक्षा ले सकती हैं। क्या नए जोड़े इन सब चुनौतियों को सीखकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं? यह सवाल शादी से पूर्व होना चाहिए। इसके लिए नए जोड़े परामर्श लें, इसे ठीक से समझना चाहें तो इसका स्वागत होना चाहिए।
न भूलें कि सात जन्मों का बंधन माने वाला विवाह अपने साथ कई प्रकार की अपेक्षाएं स्वत: लेकर आता है। इसमें पति-पत्नी के बीच परस्पर भरोसे की मांग सबसे अधिक होती है, पर कई बार आपसी झगड़ा इतना बढ़ जाता है कि इस भरोसे में दरार पड़ने लगती है। क्या घर की लड़ाई कोर्ट-कचहरी तक पहुंच जाना सही है? यह आज भारतीय समाज के लिए एक ज्वलंत प्रश्न है।
नए दौर की चुनौतियां
शादी को निभाने की जरूरत है पर क्या इसे सीखना भी उतना ही जरूरी है? एकल परिवार व एकल संतान के चलन के दौर में इस पर बात हो यह जरूरी है। रिलेशनशिप काउंसलर डा. गीतांजली कहती हैं, हां, क्योंकि संयुक्त परिवार आज नहीं हैं, जहां बच्चे सीखेंगे रिश्तों के मूल्य। दरअसल, वे किसी भी चीज को देखकर ही सीखते हैं। जैसे, जब दादा-दादी, ताया-ताई आदि के साथ रहते हैं, तो वे अनायास ही रिश्तों से जुड़े मूल्य जैसे, समझौता, त्याग, धैर्य आदि को आत्मसात करते जाते हैं। संतान इकलौती हो तो वहां रिश्ते निभाने की सीख नहीं मिल पाती जो पहले अपने या चचेरे-ममेरे भाई-बहनों से बचपन में ही सीख ली जाती थी। जब ऐसे अकेले पलने वाले बच्चों की शादी होती है तो उन्हें शादी के बाद मिली चुनौतियां नई लगती हैं और स्वाभाविक रूप से कठिन भी। वहीं, रिश्तों को निभाने के लिए आवश्यक समझ-बूझ की कमी एक बड़ा कारण इंटरनेट मीडिया पर अधिक समय बिताना और वास्तविक दुनिया के रिश्तों से दूर रहना भी है।
माता-पिता की भूमिका
माता-पिता साथ हो तो हर हाल में रिश्ते को एक सुरक्षित आश्रय मिल सकता है, इसका अहसास बना रहता है, लेकिेन जब वे बच्चों के जीवन में आवश्यकता से अधिक दखलअंदाजी करने लगें तो परिवार ही बच्चों के रिश्ते में तनाव पैदा करने का कारण बन जाते हैं। परिवार ऐसा हो जो दंपत्ति को आपस में संवाद करने, अपने निर्णय स्वयं लेने व अपनी पहचान के साथ समझौता न करने के लिए प्रेरित करे। यहां नईपीढ़ी के बीच लोकप्रिय रहीं काउंसलर दृष्टि जालान कहती हैं, मां-बाप को बच्चों की परवाह करनी चाहिए। इसका अर्थ यह नहीं कि वे क्या खाएं, क्या खरीदें, किससे क्या बात करें आदि भी उनसे पूछ कर ही किया करें। वहीं डा. गीतांजली यहां एक सुझाव देती हैं- बच्चों को शुरू से रिश्तों की अहमियत समझाएं पर इससे अधिक उस पर स्वयं अमल करके दिखाएं तो बच्चे कहीं अधिक बेहतर सीख पाएंगे, उन्हें सिखाना नहीं पड़ेगा।
कब जरूरी है परामर्श
डॉ. गीतांजली, रिलेशनशिप काउंसलर, दिल्ली के मुताबिक अधिकांश लोग काउंसलिंग के लिए तब आते हैं, जब रिश्तों में समस्याएं काफी बढ़ जाती हैं। जबकि विवाह से पहले ही बेहतर रिश्ते की नींव रखने और एक-दूसरे की अपेक्षाओं को समझने के लिए काउंसलर की मदद ली जा सकती है। यदि किसी विषय पर मित्रों या रिश्तेदारों से बात करके भी स्पष्टता न मिले तो विशेषज्ञ से चर्चा करनी चाहिए। उदाहरण के लिए, शादी के बाद घूंघट करने या ससुराल के रीति-रिवाजों को अपनाने जैसी बातें उन लड़कियों के लिए चिंता का कारण बन सकती हैं, जो ऐसे परिवेश में नहीं रही हैं। विवाह पूर्व काउंसलिंग के जरिए इन आशंकाओं को दूर करने और नए माहौल के लिए मानसिक रूप से तैयार होने में मदद मिल सकती है।
नवजात शिशु की तरह संभालें रिश्ता
दृष्टि जालान, मनोवैज्ञानिक, दिल्ली बताती हैं कि पश्चिमी देशों में रिश्ता जोड़ने से पूर्व काउंसलिंग का चलन बहुत पहले से है। रिश्ता जोड़ने से पूर्व भावी साथी को लेकर स्पष्ट रहना चाहिए। शादी के बाद भी रिश्ते को लेकर गंभीर रहेंगे तो गलतियों से सीखेंगे और आगे बढ़ पाएंगे। नहीं भूलना चाहिए कि शादी के शुरुआती दिन बड़े ही नाजुक होते हैं। नवजात शिशु की तरह उसे बड़े ही प्यार से बड़ा करना होता है।
आत्मजागरुकता पर जोर
प्रोफेसर महेश पइ, प्रिंसिपल, गोवा कालेज आफ होम साइंस, पणजी, गोवा के मुताबिक शादी केवल आकर्षण या प्रेम का नाम नहीं है। इसमें दो व्यक्ति दो अलग-अलग परिवारों को भी जीवनभर साथ लेकर चलने का वचन लेते हैं। आज यदि शादियां टूट रही हैं तो इसकी एक बड़ी वजह परिपक्वता, प्रतिबद्धता, जिम्मेदारी और संवाद जैसे गुणों का अभाव है। इन गुणों का महत्व क्या है और इन्हें कैसे विकसित किया जा सकता है, हमारा कोर्स इन्हीं पहलुओं पर केंद्रित है। इस कोर्स का स्वागत किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया के बढ़ते दखल ने नई पीढ़ी को कंटेंट तो बहुत दिया है, लेकिन उसमें से क्या ग्रहण करना चाहिए, इसकी समझ और सही-गलत में अंतर करने की क्षमता जरूरी नहीं कि सभी में हो। इसलिए भी ऐसे प्रशिक्षण की जरूरत बढ़ जाती है। इस कोर्स में आत्मजागरूकता पर विशेष बल दिया गया है, क्योंकि जब व्यक्ति स्वयं की भावनाओं को समझेगा, तभी दूसरों की भावनाओं को भी महत्व दे सकेगा।
शादी के बाद
- जो आपके बुरे पक्ष को भी स्वीकार सकता है वही आपका बेहतर साथी हो सकता है। इसलिए जैसे हैं वैसे ही बने रहें।
- साथी की किसी अन्य से तुलना करने के बजाय उसे संपूर्णता में स्वीकार करें।
- कोई समस्या आए तो तुरंत कोई बुरा अनुमान लगाकर फैसला न लें।
- अपनी समस्याओं-अपेक्षाओं आदि पर खुलकर बात करें पर इसके लिए एक दिन तय रखें।