बुन्देली बोली, आल्हा-ऊदल की वीरगाथा, चंदेरी साड़ियां…बुन्देलखंड की वो कहानी जिसका है अपना गौरवशाली इतिहास
बुंदेलखंड प्राचीन पत्थरों और किलों का क्षेत्र नहीं, बल्कि अनूठी भाषा, कला, संस्कृति और लोकगीतों के लिए भी जाना जाता है।

बुन्देलखंड की ऐतिहासिक कहानी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बुन्देलखंड का नाम सुनते ही हमें मध्य भारत के प्राचीन पत्थर और किले याद आने लगते हैं। पर इसके इतिहास में झांके तो यह क्षेत्र इन बातों से कहीं ज्यादा आगे है। इस क्षेत्र की अपनी भाषा, कला, संस्कृति, खानपान और लोकगीत हैं, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
आज हम बुन्देलखंड के इसी भव्य इतिहास पर बहुत बारीकी से नजर डालेंगे और वो बातें जानेंगे जिसपर मुश्किल ही कोई बात करता है।
बुन्देलखंड का भौगोलिक क्षेत्र
बुन्देलखंड के इतिहास पर बात करने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि बुन्देलखंड आखिर कहते किसको हैं। यह क्षेत्र मध्य भारत का हिस्सा है, जिसमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों ही राज्यों के कुछ-कुछ भाग शामिल हैं। इसमें यूपी के 7 जिले- ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, बांदा, हमीरपुर, और चित्रकूट शामिल हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के 6 जिले- छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया, पन्ना, सागर और दामोह शामिल हैं।
ऐतिहासिक कहानियां कहती हैं प्राचीन इमारतें
इस क्षेत्र में कई ऐतिहासिक किले, महल और प्राचीन इमारतें हैं जो बीते दौर की कहानियां सुनाती हैं। बुन्देलखंड का इतिहास मौर्यकाल से शुरू हुआ और मराठे इस क्षेत्र की अंतिम शक्ति रहे। इसी नतीजा रहा कि आज यहां कई मशहूर ऐतिहासिक स्थल स्थित हैं:
झांसी का किला
ओरछा की छतरियां और महल
कालिंजर का किला
खजुराहो के मंदिर
चित्रकूट के घाट
रानेह जलप्रपात
दतिया पैलेस
रानी महल
कामदगिरि मंदिर
मशहूर हैं चंदेरी की साड़ियां
मध्यप्रदेश में बुंदेलखंड और मालवा की सीमा पर अशोक नगर जिला है, यहीं पर ऐतिहासिक चंदेरी की साड़ियां हाथ से बुनी जाती हैं। वैसे तो इन साड़ियों का इतिहास आज से 700 साल पुराना बताया जाता है, लेकिन कहते हैं कि मुगलों और ग्वालियर के सिंधिया राजघराने के समय चंदेरी साड़ियों को संरक्षण मिला। उसी समय इनपर जरी का काम भी शुरू हुआ था, जिसके चलते यह व्यापार आज बुन्देलखंड क्षेत्र में एक खास पहचान रखता है।
बुन्देलखंड की महान हस्तियां
हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए कि बुंदेलखंड की धरती शौर्य, वीरता के साथ ही साहित्य और अध्यात्म में भी अपनी खास जगह रखती है। यहां कई महान हस्तियों ने जन्म लिया तो कई विभूतियों की यह कर्मभूमि भी रही। इनमें बुन्देलखंड के केसरी कहे जाने वाले महाराजा छत्रसाल, मर्दानी लड़ाई लड़ने वाली रानी लक्ष्मीबाई, चंदेल वंश के राजा वाक्पति, कालिंजर के राजा परमाल के ये दो सेनापति आल्हा और ऊदल, महाकवि तुलसीदास, राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त, कवि केशवदास जैसे अनेकों नाम शामिल हैं।
