सांपों से दोस्ती और जुड़वा बच्चों का रहस्य: भारत के इन गांवों की दास्तान उड़ा देगी होश!
भारत में कुछ ऐसे गांव हैं जो रहस्यमयी होने के साथ ही रोचक किस्सों के लिए जाने जाते हैं।

भारत के रहस्यमयी गांव और उनसे जुड़ी अनोखी कहानियां (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की विविधता की हमेशा से मिसाल दी जाती रही है, यहां अनेकों संस्कृतियां निवास करती हैं। इन्हीं संस्कृतियों में ढेरों कहानियां छिपी हुई हैं। इस तरह यह कहने में कोई दो राय नहीं कि भारत अजूबों का भी देश है। दरअसल, भारत में कुछ ऐसे गांव हैं जो रहस्यमयी होने के साथ ही रोचक किस्सों के लिए जाने जाते हैं।
भारत के रहस्यमयी गांव और उनसे जुड़ी अनोखी कहानियां
यहां हम जिन गांवों की बात करने वाले हैं, उनकी रोचक कहानियां सुनकर आपको खूब मजा आने वाला है:
1. शेतपाल गांव : महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में पुणे से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर शोलापुर नामक जिले में शेतपाल गांव है। यह गांव एक अजूबा इसलिए है क्योंकि यहां लोगों के साथ सांप भी रहते हैं। हैरान कर देने वाली बात यह है कि लोग कोबरा जैसे जहरीले सांपों से भी खौफ नहीं खाते। यहां खुलेआम सांप घूमते हैं, जिससे न तो किसी को डर लगता है और न ही ये सांप किसी को डसते हैं।
2. कोडिन्ही : केरल
कोडिन्ही गांव केरल के मलप्पुरम जिले में स्थित है, इस गांव की खास बात यह है कि यहां सबसे ज्यादा जुड़वा बच्चे पैदा होते हैं। हालांकि, इसे लेकर रिसर्च भी की गई लेकिन रहस्य से पर्दा नहीं उठ पाया। वहीं, आबादी की बात करें तो कोडिन्ही गांव में करीब 2000 परिवार रहते हैं, जिनमें से करीब 400 जुड़वा बच्चे हैं।
3. शनि शिंगणापुर : महाराष्ट्र
हम जब भी घर से बाहर जाते हैं या रात में सोते हैं तो घर के दरवाजे सुरक्षा के लिहाज से बंद करते हैं। पर भारत में एक जगह ऐसी है जहां के लोग दिन हो या रात कभी दरवाजे बंद नहीं करते, इतना ही नहीं यहां तो दफ्तरों तक में गेट नहीं लगे हैं। सबसे दिलचस्प बात कि शनि शिंगणापुर में चोरी भी नहीं होती।
4. बरवा कलां : बिहार
बिहार के कैमूर जिले में स्थित बरवा कलां गांव अपने अनूठी कहानी के लिए फेमस है। बताते चलें कि इस गांव में 50 से भी ज्यादा सालों से शादी की शहनाई नहीं बजी। सुख-सुविधाओं के अभाव वाले बरवा कलां में कोई भी अपनी बेटी की शादी नहीं करना चाहता।
5. मायोंग गांव : असम
असम के गुवहाटी से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर बसा यह गांव दुनियाभर में काले जादू के लिए जाना जाता है। इसी वजह से मायोंग को भारत की काला जादू की राजधानी भी कहते हैं। मायोंग गांव में जितने भी लोग रहते हैं, उनका मानना है कि तंत्र विद्या से कुछ भी हासिल किया जा सकता है।
