सिनेमा हॉल में एंट्री शानदार, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता इतना बोरिंग क्यों होता है? दिलचस्प है इसकी साइकोलॉजी
जब आप किसी मल्टीप्लेक्स में एंट्री करते हैं, तो चमचमाती लाइट्स, सॉफ्ट कारपेट और पॉपकॉर्न की महक आपको एक अलग ...और पढ़ें

सिनेमा हॉल से निकलते ही सारा ग्लैमर कहां गायब हो जाता है? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आप वीकेंड पर अपनी पसंदीदा फिल्म देखने जाते हैं। जैसे ही आप सिनेमा हॉल में कदम रखते हैं, आपको किसी VIP जैसा महसूस होता है। चमकती हुई रंग-बिरंगी लाइटें, पैरों के नीचे मखमली कालीन, दीवारों पर शानदार पोस्टर्स और पॉपकॉर्न की वो मीठी-नमकीन खुशबू। सब कुछ बेहद मजेदार लगता है।
लेकिन, जैसे ही फिल्म खत्म होती है और आप बाहर निकलते हैं... अचानक सब बदल जाता है। आपको एक ऐसे दरवाजे से बाहर निकाला जाता है, जो किसी पुरानी बिल्डिंग की सर्विस लेन जैसा लगता है। वहां न कोई कालीन होता है, न एसी की ठंडी हवा और न ही कोई सजावट। बस कंक्रीट की नीरस सीढ़ियां और सीधा बाहर पार्किंग या सड़क की ओर निकलता रास्ता।
क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? एंट्री इतनी शानदार और एग्जिट इतना बोरिंग क्यों? आइए समझते हैं इसके पीछे की दिलचस्प साइकोलॉजी।
इल्यूजन का खेल
जब आप सिनेमा हॉल में एंट्री करते हैं, तो थिएटर वाले चाहते हैं कि आप अपनी असल जिंदगी की टेंशन भूल जाएं। वो एक ऐसा माहौल बनाते हैं ताकि आपका मूड अच्छा हो जाए। साइकोलॉजी कहती है कि जब इंसान खुश और एक्साइटेड होता है, तो वह ज्यादा पैसे खर्च करता है। इसी अच्छी फीलिंग में आप 400 रुपये का पॉपकॉर्न और 200 रुपये की कोल्ड ड्रिंक खुशी-खुशी खरीद लेते हैं। वहीं, जब आप वापस जा रहे होते हैं, तब आपकी जेब खाली हो चुकी होती है। थिएटर वालों को पता है कि जाते समय आप कुछ नहीं खरीदेंगे, इसलिए एग्जिट वाले रास्ते को सजाने में वो एक रुपया भी बर्बाद नहीं करना चाहते।
द रियलिटी चेक
सिनेमा हॉल का एंट्री गेट आपको 'सपनों की दुनिया' में ले जाने का रास्ता है, लेकिन जैसे ही फिल्म खत्म होती है, थिएटर वाले चाहते हैं कि आप तुरंत सपनों की दुनिया से बाहर आएं और असल जिंदगी में लौट जाएं। नीरस, बिना सजावट वाली दीवारें और बाहर की तेज धूप या शोर-शराबा आपके दिमाग को सिग्नल देता है कि "शो खत्म हो गया है, अब अपने घर जाइए।"
जल्दी निकलती है भीड़
मल्टीप्लेक्स में एक के बाद एक कई शो होते हैं। एक शो खत्म होते ही, स्टाफ को साफ-सफाई करनी होती है ताकि अगले शो के दर्शकों को अंदर भेजा जा सके। अगर एग्जिट का रास्ता भी एंट्री जितना ही खूबसूरत और सजावटी होगा, तो लोग वहां रुककर सेल्फी लेने लगेंगे या दोस्तों के साथ गप्पे मारेंगे। इससे भीड़ जमा हो जाएगी। बोरिंग और रूखी सीढ़ियां बनाने का असली मकसद ही यही है कि लोग बिना रुके तेज कदमों से बाहर निकल जाएं।
सुरक्षा और इमरजेंसी के नियम
इस बोरिंग एग्जिट के पीछे एक बहुत बड़ा कानूनी कारण भी है। दरअसल, सिनेमा हॉल से बाहर निकलने के ज्यादातर रास्ते 'फायर एग्जिट' की तरह डिजाइन किए जाते हैं। सुरक्षा नियमों के अनुसार, इन रास्तों को बिल्कुल सीधा, चौड़ा और बिना किसी रुकावट (जैसे सोफे, कालीन या सजावट) के होना चाहिए, ताकि आग लगने या किसी खतरे के समय हजारों लोग बिना किसी बाधा के तुरंत बाहर सुरक्षित भाग सकें।
