वर्क फ्रॉम होम के दौरान खुद को फिट और तनावमुक्त रखने के लिए लें इन एक्सरसाइज़ेस की मदद
वर्क फ्रॉम होम में लगातार बैठे रहकर काम करने की वजह से पीठ घुटनों कलाई और कंधों में दर्द होने लगता है। तो इसे दूर करने के लिए आप ले सकते हैं इन एक्सरसाइजेस की मदद।
फिटनेस के लिए नियमित एक्सरसाइज जरूरी है। वर्क फ्रॉम होम के दौरान कई बार तय समय पर एक्सरसाइज़ करना संभव नहीं होता। ऐसे में काम के दौरान छोटे-छोटे ब्रेक लेकर यह आसान एक्सरसाइज़ेस की जा सकती है। इससे खुद को फिट और तनावमुक्त रखने में मदद मिलेगी।
पीठ दर्द
लंबे समय तक एक ही पोश्चर में काम करने से पीठ में दर्द होने लगता है। यह एक्सरसाइज दर्द से राहत दिलाएगी।
कैसे करें: सबसे पहले अपने आप को हाथों से ऐसे पकड़िए जैसे आप गले लगा रहे हों। फिर अपने उल्टे हाथ को सीधे कंधे पर और सीधे हाथ को उल्टे कंधे पर रखें। इतनी गहरी सांस लें कि पीठ तक महसूस हो। आधा मिनट तक इसी अवस्था में रहें। धीरे-धीरे बांहों को पुरानी स्थिति में लाएं।
कलाई का दर्द
काफी देर तक कंप्यूटर पर काम करने से कलाई में दर्द रहने लगता है। इस एक्सरसाइज से कलाई के दर्द से राहत मिल सकती है।
कैसे करें: दोनों हथेलियों को भींचकर मुट्ठी बंद कर लें। फिर दोनों मुट्ठियों को सामने फैलाएं और दोनों कलाइयों को 10 बार दाएं और दस बार बाएं घुमाएं। दर्द छूमंतर हो जाएगा।
कंधे का दर्द
कंधे के दर्द से राहत के लिए इन आसान स्ट्रेच एक्सरसाइज को आजमाइए। इन्हें कभी भी कहीं भी किया जा सकता है।
कैसे करें: कंधों को कानों की तरफ सिकोड़ते हुए गहरी सांस लें। कुछ सेकेंड तक इसी स्थिति में रहें। पुरानी अवस्था में आते हुए धीरे-धीरे सांस छोड़ें। इसे दस बार करें।
घुटने का दर्द
कुर्सी पर लगातार पैर लटकाकर बैठने से घुटनों में दर्द रहने लगता है। इस सरल स्ट्रेच एक्सरसाइज से घुटने के मामूली दर्द से राहत मिल सकता है। इसके लिए काम के दौरान थोड़ी देर खड़े होने की जरूरत है।
कैसे करें: कुर्सी पर आगे की ओर सीधे होकर बैठें। पैर जमीन पर टिके हों। आहिस्ता से खड़े हों और सीधे कदमों से धीरे-धीरे चलें। कुछ कदम चलने के बाद पांच सेकंड तक खड़े रहें। फिर धीरे से वापस लौटें और फिर से बैठें। यह व्यायाम रोज 10 बार करें।
तनाव होगा दूर
काम के बीच में जब तनाव महसूस हो तो लाफ्टर योग का सहारा लें, क्योंकि हंसना संपूर्ण व्यायाम है।
कैसे करें: अपने हाथों को आकाश की ओर ले जाएं। फिर नाक से गहरी सांस लें। इसके बाद हाथों को धरती की ओर लाते हुए मुंह से सांस छोड़े। फिर एक गहरी-लंबी सांस लें। कुछ सेकेंड सांस रोकने के बाद हंसते हुए उसे छोड़ें।
डिस्क्लेमरः यहां दी गई एक्सरसाइज़ेस शुरुआत में किसी विशेषज्ञ की देखरेख में ही करें।
डॉ. इस्मित त्यागी, कंसल्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट, कोलंबिया एशिया हॉस्पिटल, गुरुग्राम से बातचीत पर आधारित
Pic credit- https://www.freepik.com/free-photo/woman-stretching-rubbing-stiff-back-muscles_3953814.htm#page=1&query=back%20pain&position=20