विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Strawberry: याद्दाश्त बढ़ाने से लेकर बीपी कंट्रोल करने तक, सेहत के लिए बेहद गुणकारी है स्ट्रॉबेरी

By Jagran NewsEdited By: Harshita Saxena
Published: Mon, 31 Jul 2023 06:14 PM (GMT+05:30)

Strawberry हम में कई लोगों को स्ट्रॉबेरी फ्लेवर की आइसक्रीम और टॉफी पसंद होती है। खाने में यह बेरी सेहत ...और पढ़ें

जानें क्या है सेहत के लिए स्ट्रॉबेरी के फायदे
जानें क्या है सेहत के लिए स्ट्रॉबेरी के फायदे

न्यूयार्क, आइएएनएस। Strawberry: अपने रंग-रूप के कारण स्ट्रॉबेरी जितना आकर्षक दिखता है, खाने में भी उतना ही स्वादिष्ट होता है। इसका खट्टा-मीठा स्वाद लोगों को खूब लुभाता है। साथ ही इसकी सुगंध भी बहुत अच्छी होती है। एक नए अध्ययन में वैज्ञानियों ने पाया है कि स्ट्रॉबेरी का नियमित सेवन कई तरह की बीमारियों को दूर कर सकता है। स्ट्रॉबेरी में फ्लेवोनोइड्स पाया जाता है, जो उम्र बढ़ने के साथ कमजोर होने वाली स्मरण शक्ति को बढ़ाने में सहायक होता है।

तनाव भी दूर करे

स्ट्रॉबेरी में एंटीआक्सीडेंट और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो तनाव दूर करने में मददगार है। इसके अलावा उच्च रक्तचाप की समस्या से परेशान बुजुर्गों के लिए भी स्ट्रॉबेरी का सेवन लाभकारी होता है। वैज्ञानियों के अनुसार, इसमें पोटैशियम की मात्रा ज्यादा होती है, जो रक्तचाप को नियंत्रित करने में सहायक है। यह अध्ययन स्ट्रॉबेरी के हृदय, संज्ञानात्मक स्वास्थ्य और मेटाबालिज्म के लाभों को प्रदर्शित करने वाले पिछले शोध पर आधारित है।

इन लोगों पर की गई रिसर्च

वैज्ञानियों ने इस फल से होने वाले लाभ के आकलन के लिए 66 से 78 वर्ष उम्र वर्ग के 35 स्वस्थ पुरुषों और महिलाओं को अध्ययन में शामिल किया। प्रतिभागियों ने 26 ग्राम फ्रीज किए गए स्ट्रॉबेरी पाउडर का सेवन किया। यह देखा गया कि स्ट्रॉबेरी के सेवन के बाद संज्ञानात्मक प्रसंस्करण (काग्नेटिव प्रोसेसिंग) गति में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, सिस्टोलिक रक्तचाप में 3.6 प्रतिशत की कमी आई और कुल एंटीआक्सीडेंट क्षमता में 10.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

दिल को रखे सेहतमंद

इसके अलावा कमर की मोटाई में भी 1.1 प्रतिशत की कमी आई। सैन डिएगो स्टेट यूनिवर्सिटी में स्कूल ऑफ एक्सरसाइज एंड न्यूट्रिशन साइंसेज के प्रोफेसर शिरीन होशमंद ने कहा कि यह अध्ययन दर्शाता है कि स्ट्रॉबेरी का सेवन संज्ञानात्मक कार्य को बढ़ावा दे सकता है और उच्च रक्तचाप जैसे हृदय संबंधी जोखिम कारकों में सुधार कर सकता है। वैज्ञानियों ने कहा कि स्ट्रॉबेरी बेहद गुणकारी फल है। दैनिक आहार में स्ट्रॉबेरी को शामिल करने से युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों के स्वास्थ्य में बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

स्ट्रॉबेरी में मौजूद कई पोषक तत्व

स्ट्रॉबेरी कई बायोएक्टिव कंपाउंड का मुख्य स्रोत है। हमारी दैनिक विटामिन सी की 100 प्रतिशत आवश्यकता पूरी करने के अलावा, स्ट्रॉबेरी में फोलेट, पोटैशियम, फाइबर, फाइटोस्टेराल और पालीफेनोल जैसे हृदय-स्वस्थ पोषक तत्व होते हैं। इस अध्ययन के निष्कर्ष को हाल ही में अमेरिका में आयोजित अमेरिकन सोसायटी ऑफ न्यूट्रिशन (एएसएन) की वार्षिक बैठक न्यूट्रिशन 2023 में प्रस्तुत किया गया।

फाइबर से भरपूर स्ट्रॉबेरी

अध्ययन में बताया गया कि स्ट्रॉबेरी में मौजूद घुलनशील फाइबर, खराब कोलेस्ट्राल के स्तर को भी कम करता है। क्लीनिकल और जनसंख्या-आधारित अध्ययनों में स्ट्रबेरी के सेवन और मस्तिष्क स्वास्थ्य के बीच संबंधों का पता चला है। रश यूनिवर्सिटी में किए गए अध्ययनों में बताया गया है कि स्ट्रॉबेरी पाया जाने वाला एक बायो-केमिकल पेलार्गोनिडिन का संबंध अल्जाइमर और डिमेंशिया के कम जोखिम से जुड़ा है।

Picture Courtesy: Freepik