New Virus: रूस में मिला कोरोना की तरह का वायरस, जानें 'खोस्ता-2' के बारे में वैज्ञानिक क्या कह रहे हैं
New Virus कोरोना वायरस महामारी से दुनियाभर के देश अब भी गुज़र रहे हैं कि तभी रूस में एक कोरोना वायरस की तरह का वायरस सामने आया है। आइए जानें इसके लक्षणों के बारे में और यह कितना ख़तरनाक हो सकता है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। New Virus: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में कहा था कि कोविड-19 महामारी ख़त्म होने की कगार पर है। लेकिन तभी एक नया कोविड वायरस सामने आ गया है। इस वायरस का नाम खोस्ता-2 है, जिस पर मौजूद कोविड वैक्सीन काम नहीं कर रही है।
खोस्ता-2 वायरस क्या है?
खोस्ता-2 वायरस साल 2020 के अंत में पाया गया था। रूस में 2020 में राइनोफस चमगादड़ में दो क्लैड 3 सरबेकोवायरस की पहचान की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, खोस्ता-1 राइनोलोफस फेरुमेक्विनम में और खोस्ता-2 आर.हिप्पोसाइडरोस में पाया गया था।
इस वायरस की पहचान अल्खोवस्की और उनके सहयोगियों द्वारा की गई थी। उन्होंने इसके नमूने सोची नेशनल पार्क के पास से मार्च-अक्टूबर 2020 के बीच इकट्टठा किए थे। इसी दौरान दुनियाभर के देश कोविड से लड़ने की तैयारी में लगे थे। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए कई देशों ने पूरी तरह से लॉकडाउन लगाया था।
खोस्ता वायरस कितने तरह के हैं?
शोध से पता चलता है कि दो तरह के खोस्ता वायरस हैं- खोस्ता वायरस 1 और खोस्ता वायरस-2। ये दोनों वायरस SARS-CoV-1 और -2 से अलग वायरल वंश से हैं, लेकिन खोस्ता-2 वायरस का RBD (रिसप्टर बाइडिंग डोमेन), ACE2 की मदद से मनुष्यों के शरीर में प्रवेश कर सकता है।
क्या ये वायरस मनुष्यों को नुकसान पहुंचा सकता है?
शुरुआत में इसे नुकसानदायक नहीं माना गया था, लेकिन एक करीबी अध्ययन में पाया गया है कि यह इंसानों को संक्रमित कर सकता है। वैज्ञानिकों का कहना है, "रूस में पाया गया एक सरबेकोवायरस खोस्ता-2, SARS-CoV-2 की तरह ही रिसेप्टर री मदद प्रवेश करने की क्षमता रखता है। उन्हों कहा, "हमने देखा कि खोस्ता-2 वायरस के स्पाइक्स मनुष्यों को कोरोना की तरह ही संक्रमित कर सकते हैं।"
इससे जुड़ी चुनौतियां क्या हैं?
जिन शोधकर्ताओं ने खोस्ता वायरस पर रिसर्च की है, उन्होंने पाया कि खोस्ता वायरस SARS-CoV-1 और 2 के वायरल वंश से नहीं है। यानी कोरोना वायरस की तरह खोस्ता-2 वायरस मनुष्यों को गंभीर रूप से बीमार नहीं कर सकता। हालांकि, यह मनुष्यों को गंभीर रूप से संक्रमित और बीमार तब कर सकता है, जब यह कोरोना वायरस के जीन्स के साथ मिल जाए।
खोस्ता-2 वायरस संक्रमण के लक्षण क्या हैं?
अभी तक, इस संक्रमण के बारे में ज़्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। साथ ही यह इन्फेक्शन कितना गंभीर हो सकता है या मनुष्य को संक्रमित करने के बाद किस तरह के लक्षण दिख सकते हैं, इस बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं है।
Disclaimer: लेख में दिए गए सुझाव और टिप्स सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। किसी भी तरह के सवाल या परेशानी हो तो फौरन अपने डॉक्टर से सलाह करें।