Quarantine Weight Gain: क्या महामारी के दौरान वज़न बढ़ गया है? प्राकृतिक तरीके से ऐसे घटाएं चर्बी
Quarantine Weight Gainक्वारिंटीन की वजह से सभी लोग ज़्यादा से ज़्यादा समय घर पर बिता रहे हैं। इस दौरान खाना-पीना ज़रूर बढ़ा है लेकिन फिज़िकल एक्टिविटी न होने की वजह से लोगों का वज़न भी बढ़ गया है। क्या आप भी लॉकडाउन में वज़न बढ़ने से परेशान हैं?
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Quarantine Weight Gain: कोरोना वायरस महामारी के प्रसार को धीमा करने के लिए दुनियाभर में लॉकडाउन लगाया गया था। जिसकी वजह से लोग 4-5 महीनों तक घर से बाहर कम से कम निकले। ज़ाहिर है इस दौरान वर्कआउट कम और घर पर बैठकर खाना ज़्यादा हुआ, जिससे सभी का वज़न बढ़ा है। अगर कोरोना वायरस महामारी के दौरान आपका वज़न बढ़ गया है, तो परेशान न हों आप अकेले नहीं हैं। इस साल वज़न बढ़ने को सीधे तौर पर लॉकडाउन और क्वारेंटीन का साइड-इफेक्ट माना जा रहा है।
आइए जानें प्राकृतिक तरीकों से कैसे वज़न को घटाया जा सकता है।
तनाव को दूर रखें
क्या आप जानते हैं कि तनाव से पेट की चर्बी बढ़ती है? जब एक व्यक्ति तनाव में होता है, तो उसका शरीर कोर्टीसोल नाम का हार्मोन छोड़ता है, जो तनाव को निंयत्रित करने में शरीर की मदद करता है। हालांकि, साथ ही ये हार्मोन पेट के आसपास की चर्बी को जमा करने का भी ज़िम्मेदार होता है। जिसकी वजह से कमर का साइज़ बढ़ने लगता है। इसके अलावा लोग तनाव में ज़्यादा खाने भी लगते हैं। जिसे स्ट्रेस ईटिंग कहा जाता है। ज़ाहिर है इससे भी वज़न बढ़ता है।
अगर आप भी इस दौरान तनाव महसूस कर रहे हैं, तो इसे दूर करने के लिए योग और ध्यान की मदद लें। सरल तरीके से सांस लेने से भी मन शांत होता है और साथ ही शरीर को भी आराम पहुंचता है। योग में वज्रासन और कापालभाती, जो ऐसे आसन हैं, जो पाचन क्रिया को मज़बूत करने के साथ पेट के आसपास की चर्बी को घटाने में मदद करते हैं।
घर का बना खाना खाएं
हम सभी को घर के खाने की तुलना में बाहर का खाना ज़्यादा स्वादिष्ट और मज़ेदार लगता है। लेकिन बाहर का खाना न सिर्फ आपकी जेब हल्की करता है, बल्कि सेहत को भी नुकासन पहुंचाता है। घर पर बना खाना भी वज़न घटाने में काफी हद तक मदद करता है।
वज़न को नियंत्रण में रखने के लिए खाने में इन दो चीज़ों का इस्तेमाल करें:
वर्जिन नारियल का तेल: ये तेल वज़न घटाने या नियंत्रित करने में मददगार साबित होता है। इसके दो चम्मच रोज़ाना लें। इसे खाने में मिलाने के साथ-साथ सलाद, स्मूदी या फिर मीठे में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
सेब का सिरका: सेब का सिरका यानी एप्पल साइडर विनेगर प्राकृतिक तरीके से वज़न घटाने में मदद करता है। रोज़ाना एक ग्लास पानी के साथ 10 एमएल सेब के सिरके को लेने से पेट की चर्बी के साथ वज़न भी कम होता है।
दालचीनी: दालचीनी हर भारतीय किचन में आसानी से पाई जाती है। दालचीनी भूख को कम करने के साथ मेटाबॉलिज़म को बढ़ाने का काम करती है। आप दालचीनी, अदरक, शहद और नींबू को मिलाकर ड्रिंक बना सकते हैं, जो वज़न कम करने में मदद करती है।
नमक, चीनी और परिष्कृत भोजन को कम करें
ज़रूरत से ज़्यादा नमक शरीर में पानी के वज़न को बढ़ाता है, जिसकी वजह से पेट से चर्बी कम होना मुश्किल हो जाता है। ऐसे ही, चाय, कॉफी, जूस या स्मूदी में चीनी मिलाने से भी वज़न बढ़ता है। परिष्कृत भोजन कई स्तर के प्रोसेस से गुज़रता है, जो भोजन के पोषण मूल्य को कम करता है।
वर्कआउट
एक अच्छी लाइफस्टाइल के लिए रोज़ाना किसी भी तरह का वर्कआउट ज़रूरी है। सिर्फ अच्छा और सेहतमंद खाने से पेट की चर्बी कम नहीं होगी। आप ज़ुम्बा, तैराकी, साइकलिंग या फिर दूसरे तरह के कार्डियो वर्कआउट चुन सकते हैं।
अच्छी नींद भी है ज़रूरी
जब बात आती है वज़न घटाने की, तो आमतौर पर नींद को ज़्यादा एहमियत नहीं दी जाती। जबकि सेहतमंद खाना, वर्कआउट की तरह नींद भी उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नींद पूरी न होने से आप थका हुआ महसूस करेंगे, भूख ज़्यादा लगेगी और मेटाबॉलिज़म भी कमज़ोर हो जाता है। इसलिए रोज़ाना 7 से 8 घंटे सोना बेहद ज़रूरी है।
Disclaimer: लेख में दिए गए सुझाव और टिप्स सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। लेख में दिए गए उपायों को अपनी डाइट में शामिल करने से पहले अपने डॉक्टर या आहार विशेषज्ञ से ज़रूर सलाह लें।