शरीर में बर्फ-सी ठंडक बनाए रखता है Gond Katira, गर्मियों में जरूर करें डाइट में शामिल
गर्मियों में शरीर को ठंडा और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए हम कई तरह की चीजों का सेवन करते हैं। उन्हीं में से गोंद कतीरा एक है। गर्मियों में गोंद कतीरा (Gond Katira benefits) का सेवन किसी अमृत से कम नहीं माना जाता है। ये सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसकी तासीर ठंडी होती है इसलिए यह गर्मियों में शरीर को ठंडक प्रदान करता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों में हमें शरीर को ठंडा रखने के लिए खास ध्यान रखना पड़ता है। इस समय शरीर में पानी की कमी, गर्मी से होने वाली कमजोरी और शारीरिक थकावट बढ़ जाती है। ज्यादातर लोग एसिडिटी, डायरिया और पाचन से जुड़ी समस्याओं से परेशान हो जाते हैं। ऐसे में, गोंद कतीरा को डाइट में शामिल करने से शरीर ठंडा रहता है। इससे आप लू से भी बच सकते हैं।
हालांकि ज्यादातर लोगों को इसे डाइट में शामिल करने का सही तरीका नहीं मालूम होता है। इसके चलते फायदे की जगह नुकसान ही हाथ लगता है। ऐसे में आज हम आपको इसके फायदों के बारे में बताने जा रहे हैं। ये भी बताएंगे कि आप गोंद कतीरा को डाइट में कैसे शामिल कर सकते हैं। आइए जानते हैं विस्तार से-
शरीर को रखे ठंडा
गोंद कतीरा गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए बेहद प्रभावी माना जाता है। यह शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक पहुंचाता है। शरीर की गर्मी को कम करता है। इसके अलावा गर्मी में यह शरीर को ज्यादा पसीना आने से भी रोकता है। इससे शरीर में ताजगी बनी रहती है।
हीट स्ट्रोक से बचाव
इसके सेवन से आप लू लगने से भी बच सकते हैं। इन दिनों घर से बाहर निकलते ही शरीर में गर्मी का असर दिखने लगता है, ऐसे में बार-बार गला सूखना, चक्कर, थकान या कमजोरी महसूस होना भी एक आम बात है। गोंद कतीरा खाने से शरीर ठंडा रहता है और पेट की गर्मी भी दूर होती है।
ऊर्जा का स्रोत
गोंद कतीरा शरीर को तुरंत एनर्जी देता है। गर्मी के दिनों में अक्सर शरीर में कमजोरी और थकान की समस्या देखने को मिलती है। ऐसे में गोंद कतीरा आपके लिए रामबाण से कम नहीं होता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक शर्करा और खनिज शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं। यह शरीर को ताजगी और स्फूर्ति का अहसास कराता है।
इम्युनिटी बढ़ाए
तेज गर्मी में शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में, गोंद कतीरा के सेवन से इम्युनिटी बूस्ट होती है और साथ ही शरीर की सूजन भी कम होती है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना मौजूद है, जिस कारण से चिलचिलाती धूप में भी आपकी एनर्जी डाउन नहीं होती है।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में कुदरत का चमत्कारी वरदान है Gond Katira, लेकिन जान लीजिए इसके फायदे-नुकसान और इस्तेमाल का सही तरीका
बॉडी को रखे हाइड्रेट
गोंद कतीरा शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है। इसमें उच्च मात्रा में फाइबर होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसे ठंडे पानी या शर्बत में मिलाकर पीने से शरीर में पानी की कमी पूरी होती है। शरीर की तापमान भी संतुलित रहता है।
पाचन को बनाए बेहतर
गोंद कतीरा पाचन तंत्र के लिए भी बहुत फायदेमंद है। यह आंतों को शांत करता है और पेट के अन्दर की सूजन को कम करता है। गर्मी में अक्सर पेट की समस्याएं जैसे कब्ज, अपच या गैस की समस्या होती है, गोंद कतीरा इन समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है।
यह भी पढ़ें: Gond Katira Sharbat: चुभती-जलती गर्मी से बचने के लिए पिएं गोंद कतीरा का शरबत, शरीर में आ जाएगी बर्फ-सी ठंडक
ऐसे करें डाइट में शामिल
गोंद कतीरा को पानी में भिगोकर, शर्बत या किसी भी ताजे रस में मिलाकर पिया जा सकता है। इसे दूध के साथ भी लिया जा सकता है, जिससे यह स्वादिष्ट और सेहत के लिए और भी फायदेमंद हो जाता है। ध्यान रहे इसके ज्यादा सेवन से पाचन भी बिगड़ सकता है, इसलिए बेहतर है कि दिन में एक बार इसका सेवन किया जाए।
Disclaimer: लेख में उल्लेखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो, तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।