Empty Stomach Precautions: खाली पेट कभी न खाएं ये 6 चीज़ें, बिगड़ सकती है तबियत
Empty Stomach Precautions सही डाइट कसरत अच्छी नींद और जंक फूड से दूरी बनाने जैसी बातों का ख्याल रखना ज़रूरी हो जाता है। कई बार खाने के बीच तेज़ भूख लगने पर हमें जो मिलता है हम वो खा लेते हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Empty Stomach Precautions: सेहतमंद रहने के लिए हमें कई तरह के तरह की सावधानियां बरतनी होती हैं। सही डाइट, कसरत, अच्छी नींद और जंक फूड से दूरी बनाने जैसी बातों का ख्याल रखना ज़रूरी हो जाता है। साथ ही सही समय पर सही चीज़ खाना भी ज़रूरी है, लेकिन कई बार खाने के बीच तेज़ भूख लगने पर हमें जो मिलता है, हम वो खा लेते हैं। आयुर्वेद की मानें तो ऐसा करना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। खासतौर पर खाली पेट कुछ भी नहीं खा लेना चाहिए।
अगर आप भी ऐसी ग़लती कर चुके हैं, तो आगे से इस बात पर ध्यान दें कि आप खाली पेट क्या खा रहे हैं। आइए जानें खाली पेट क्या नहीं खाना चाहिए।
चाय या कॉफी
अकसर लोग सुबह की शुरुआत चाय या कॉफी से करना पसंद करते हैं। हालांकि, इन्हें खाली पेट पीने से गैस या एसीडिटी की दिक्कत हो जाती है। इसलिए हमेशा चाय या कॉफी पीते वक्त ब्रेड या बिस्किट भी खा लें, इससे आपका पेट सही रहेगा।
सोडा
सोडा भी किसी भी समय नहीं पिया जा सकता। इसे खाली पेट पीने से ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। साथ ही ज़रूरत से ज़्यादा सोडे वाली कोल्ड ड्रिंक्स पीने से एसीडिटी की दिक्कत हो सकती है, जो आगे चलकर ईसोफेगल कैंसर का रूप ले सकता है।
अमरूद
अमरूद एक ऐसा फल है जिसे काफी पसंद किया जाता है। लेकिन ध्यान रहे कि इसके बीज कई लोगों के पेट में दर्द का कारण बनते हैं। खासतौर पर अगर इसे खाली पेट खाया जाए, तो पेट ख़राब हो सकता है।
तीखा खाना
खाली पेट तीखा खाना खाने से भी पेट में तकलीफ हो सकती है। जिसकी वजह से एसिडिटी या दर्द शुरू हो सकता है। तीखे खाने का तेज़ स्वाद पेट में अपच की दिक्कत का कारण बनता है।
दही
दही की तासीर ठंडी होती है, इसलिए इसे ठंड के मौसम या फिर रात में नहीं खाया जाता ताकि सर्दी-ज़ुकाम या गला ख़राब न हो। हालांकि, खाली पेट दही खाने से भी तबियत खराब हो सकता है।
टमाटर
टमाटर की तासीर गर्म होती है। इसलिए इसे सर्दी के मौसम में तो कभी भी खाया जा सकता है, लेकिन गर्म मौसम में टमाटर को खाली पेट खाने से पेट में या फिर सीने में जलन शुरू हो सकती है।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।