ऑफिस और घर के बीच नहीं मिल रहा वर्कआउट का टाइम? इन आसान ट्रिक्स से बिना जिम जाए रहें एकदम फिट
भागदौड़ भरी जिंदगी में जिम का समय न मिलने पर भी आप घर के कामों से फिट रह सकते हैं। रोजमर्रा के कुछ काम भी बेहतरीन वर्कआउट हो सकते हैं।

बिना जिम जाए कैसे रहें फिट? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऑफिस का स्ट्रेस और घर की जिम्मेदारियों के बीच जिम जाने के लिए समय निकालना काफी मुश्किल हो जाता है। ज्यादातर लोग समझते हैं कि फिट रहने के लिए जिम में एक-दो घंटे पसीना बहाना ही एक मात्र रास्ता है, लेकिन ऐसा नहीं है।
घर के कुछ रोजमर्रा के कामों के जरिए भी खुद को फिट रखा जा सकता है। आइए जानें कुछ बेहद आसान ट्रिक्स, जिनसे बिना जिम जाए भी आप अपनी सेहत का ध्यान रख सकते हैं।
पोछा लगाते समय स्क्वैट्स
झाड़ू-पोछा लगाना भी एक तरह का वर्कआउट है। अगर आप घर में बैठकर पोछा लगाते हैं, तो इससे आपकी कोर मसल्स और जांघों की एक्सरसाइज होती है। ऐसे ही अगर आप खड़े होकर पोछा लगाते हैं, तो कमर को झुकाने की जगह स्क्वॉट्स की पोजीशन में पोछा लगाएं। इससे जांघों और लोअर बैक की मांसपेशियों की एक्सरसाइज होगी।
कपड़ों की धुलाई
कपड़े धोना और उन्हें सुखाने के लिए तार पर फैलाना भी एक अच्छा वर्कआउट है। वॉशिंग मशीन से कपड़े निकालते समय या बाल्टी से कपड़े उठाकर सुखाते समय बार-बार झुकने के बजाय घुटने मोड़ें और स्क्वॉट्स करें। इसी तरह जब तार पर कपड़े डालें, तो अपने पंजों पर खड़े हों। इससे आपकी जांघों और काफ मसल्स की एक्सरसाइज होगी।
किचन वर्कआउट
खाना बनाते समय या बर्तन धोते समय लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता है। इस समय का सही इस्तेमाल करके आप खुद को एक्टिव रख सकते हैं। जैसे बर्तन धोते समय और चाय बनाते समय आप काफ रेज कर सकते हैं। इससे आपके पैरों की एक्सरसाइज होगी।
सीढ़ियों का इस्तेमाल और सामान उठाना
घर के सामान को एक कमरे से दूसरे कमरे में ले जाना या सीढ़ियां चढ़ना-उतरना एक बेहतरीन एक्सरसाइज है। घर में जब लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का जितना हो सके उतना इस्तेमाल करें। ये एक बेहतरीन कार्डियो एक्सराइज है। इससे हार्ट हेल्थ बेहतर होगी और फेफड़ों की काम करने की क्षमता भी बढ़ती है। साथ ही, वेट लॉस में भी मदद मिलती है। इसी तरह सामान उठाने से आपकी मसल्स मजबूत होती हैं और स्ट्रेंथ बढ़ती है।
