अंगूरों को सिर्फ पानी से धोना काफी नहीं! कीटनाशक की परत हटाने के लिए 5 तरीकों से करें साफ, नहीं पड़ेंगे बीमार
क्या आप जानते हैं कि स्वाद और सेहत से भरपूर अंगूरों पर खतरनाक पेस्टिसाइड्स) और केमिकल्स का गहरा असर हो सकता है?

केमिकल वाले अंगूरों से रहें सावधान (Image Source: AI-Generated)
HighLights
बहते पानी से धोना पहला और सबसे आसान कदम है
नमक, बेकिंग सोडा या सिरके का घोल कीटनाशक हटाता है
हल्दी और गुनगुना पानी बैक्टीरिया कम करने में सहायक
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अंगूर खाना किसे पसंद नहीं है होता। ये स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हमारी सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हें उगाने और सुरक्षित रखने के लिए कई तरह के कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जाता है?
अंगूर का छिलका बहुत पतला होता है, जिसके कारण इन पर केमिकल्स आसानी से चिपक जाते हैं। इसलिए, इन्हें खाने से पहले सही तरीके से साफ करना बेहद जरूरी है। आज हम आपको कुछ ऐसे आसान घरेलू तरीके बता रहे हैं, जिनसे आप अंगूरों पर मौजूद कीटनाशक के अवशेषों को काफी हद तक हटा सकते हैं। आइए जानते हैं इन खास तरीकों के बारे में।

(Image Source: AI-Generated)
बहते पानी से करें शुरुआत
अंगूरों को साफ करने का यह सबसे पहला और आसान कदम है। अंगूरों को गुच्छे से तोड़कर अलग कर लें और उन्हें ठंडे बहते पानी के नीचे 2 से 3 मिनट तक अच्छी तरह धोएं। पानी के दबाव से अंगूरों की सतह पर मौजूद धूल, गंदगी और कुछ हद तक रासायनिक अवशेष आसानी से हट जाते हैं।
नमक के पानी में भिगोएं
एक बड़े बर्तन में पानी लें और उसमें 1 से 2 चम्मच नमक अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें अंगूरों को डालकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद इन्हें सादे पानी से दोबारा जरूर धोएं। नमक का पानी न सिर्फ केमिकल हटाता है, बल्कि ऊपरी सतह के बैक्टीरिया को कम करने में भी काफी मददगार है।
बेकिंग सोडा का असरदार घोल
कीटनाशकों के असर को काटने के लिए बेकिंग सोडा बहुत कारगर माना जाता है। एक लीटर पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और अंगूरों को 15 मिनट के लिए इस घोल में भिगो दें। समय पूरा होने पर इन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
सिरके का घोल
सिरका अपनी अम्लीय प्रकृति के कारण सूक्ष्मजीवों और केमिकल अवशेषों को हटाने में बेहतरीन काम करता है। एक बर्तन में 3 हिस्से पानी और 1 हिस्सा सफेद सिरका मिलाकर घोल तैयार करें। इसमें अंगूरों को 10-15 मिनट तक रखें। आखिर में इन्हें नॉर्मल पानी से अच्छी तरह जरूर धोएं, ताकि अंगूरों का असली स्वाद खराब न हो।
हल्दी और गुनगुने पानी का प्रयोग
भारतीय परंपरा में हल्दी को एक बेहतरीन प्राकृतिक एंटीसेप्टिक माना गया है। थोड़े से गुनगुने पानी में बस एक चुटकी हल्दी मिलाएं और अंगूरों को 10 मिनट के लिए इसमें डाल दें। हल्दी में मौजूद 'करक्यूमिन' अपने एंटीमाइक्रोबियल गुणों के कारण बैक्टीरिया को कम करता है। इसके बाद अंगूरों को ठंडे पानी से धोना बिल्कुल न भूलें।
ओजोन या वेजिटेबल वॉश लिक्विड
अगर आप चाहें तो बाजार में मिलने वाले फूड-ग्रेड वेजिटेबल वॉश लिक्विड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ये खास तौर पर फलों और सब्जियों से केमिकल हटाने के लिए ही बनाए जाते हैं। इसके अलावा, आजकल ओजोन वॉश मशीनें भी आती हैं, जो ऑक्सीडेशन प्रक्रिया के जरिए कीटनाशकों को तोड़ने और अंगूरों को साफ करने में सहायक मानी जाती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।