इस गणेश चतुर्थी बप्पा को लगाना चाहते हैं बेसन के लड्डू का भोग? यहां पढ़ें सबसे आसान रेसिपी
14 सितंबर को आज देशभर में गणेश उत्सव की रौनक देखने को मिल रही है। ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ ...और पढ़ें

गणपति बप्पा को लगाएं उनके सबसे प्रिय 'बेसन के लड्डू' का भोग (Image Source: AI-Generated)
HighLights
गणेश चतुर्थी के लिए घर पर बनाएं स्वादिष्ट बेसन के लड्डू
दानेदार लड्डू बनाने के लिए सही सामग्री और आसान विधि
बेसन भूनने और चीनी मिलाने के महत्वपूर्ण टिप्स जानें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गणेश चतुर्थी पर बप्पा को खुश करने के लिए हम सभी उनके पसंदीदा पकवान बनाते हैं। बता दें, मोदक के अलावा, भगवान गणेश को बेसन के लड्डू भी बेहद प्रिय हैं (Ganesh Chaturthi Bhog)।
बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बेहतर है कि इस बार आप घर पर ही अपने हाथों से शुद्ध और स्वादिष्ट बेसन के लड्डू बनाएं। कई लोगों को लगता है कि एकदम हलवाई जैसे दानेदार बेसन के लड्डू बनाना बहुत मुश्किल काम है। हालांकि, यकीन मानिए, अगर आप सही तरीका अपनाएं तो यह बहुत ही आसान है। आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे सिंपल रेसिपी, जिससे पहली बार में ही आपके लड्डू परफेक्ट बनेंगे।
बेसन के लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 2 कप बेसन (थोड़ा मोटा बेसन हो तो लड्डू दानेदार बनेंगे)
- 1 कप चीनी का बूरा या पिसी हुई चीनी
- 3/4 कप देसी घी (जरूरत के अनुसार थोड़ा कम या ज्यादा)
- 1 चम्मच इलायची पाउडर
- बारीक कटे हुए सूखे मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता)
बेसन के लड्डू बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें थोड़ा-सा घी डालकर हल्का गर्म करें। अब इसमें बेसन डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनना शुरू करें।
- बेसन को भूनने में जल्दबाजी बिल्कुल न करें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह जले नहीं। जब बेसन का रंग सुनहरा भूरा हो जाए और पूरे घर में एक सोंधी-सोंधी खुशबू फैलने लगे, तो समझ लीजिए कि बेसन अच्छी तरह भुन चुका है। अगर इस बीच मिश्रण ज्यादा सूखा लगे, तो बचा हुआ घी भी मिला दें।
- भुने हुए बेसन को गैस से उतार लें और एक बड़े बर्तन में निकाल लें। इसे थोड़ी देर ठंडा होने दें। ध्यान रहे, इसे पूरी तरह से ठंडा नहीं करना है, बस इतना ठंडा होने दें कि आपके हाथ इसे आसानी से छू सकें।
- जब बेसन हल्का गर्म रह जाए, तब इसमें चीनी का बूरा, इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए मेवे डाल दें। अब अपने हाथों की मदद से सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें।
- अब इस तैयार मिश्रण में से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा अपने हाथों में लें और दबाते हुए गोल-गोल लड्डू बना लें। तैयार लड्डुओं को पिस्ते या बादाम से सजाएं।
परफेक्ट लड्डू बनाने के लिए कुछ खास टिप्स
- आंच का रखें ध्यान: बेसन को हमेशा धीमी आंच पर ही भूनें। तेज आंच पर भूनने से बेसन बाहर से तो लाल हो जाएगा, लेकिन अंदर से कच्चा रहेगा और स्वाद कड़वा हो जाएगा।
- गर्म बेसन में न डालें चीनी: कभी भी एकदम गरम बेसन में चीनी न मिलाएं। ऐसा करने से चीनी पिघल जाएगी, मिश्रण बहुत गीला हो जाएगा और लड्डू का आकार नहीं बन पाएगा।
यह भी पढ़ें- गणेश चतुर्थी पर मोदक के साथ बप्पा को लगाएं ‘नारियल के लड्डू’ का भोग, बहुत आसान है इसकी रेसिपी
