बिना धूप दिखाए घर पर तैयार करें आंवले का खट्टा-मीठा छुंदा, रोजाना एक चम्मच खाने से दिनभर बनी रहेगी एनर्जी
बचपन में दादी-नानी धूप में सुखाकर कई दिनों तक आंवले का खट्टा-मीठा छुंदा बनाती थीं, लेकिन अब आपको इतना लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं है।

स्वाद के साथ सेहत का डबल डोज है आंवले का छुंदा (Image Source: AI-Generated)
HighLights
बिना धूप दिखाए आंवला छुंदा बनाने की आसान विधि
रोजाना एक चम्मच खाने से मिलती है भरपूर ऊर्जा
विटामिन-सी और आयरन से भरपूर, पाचन तंत्र करे मजबूत
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आंवला विटामिन-सी और आयरन का बेहतरीन सोर्स है, जो सर्दियों में इम्युनिटी बढ़ाने और शरीर को एनर्जेटिक बनाए रखने में मदद करता है। वैसे तो, आंवले का छुंदा बनाने के लिए इसे कई दिनों तक धूप में रखना पड़ता है, लेकिन आप इसे बिना धूप दिखाए गैस पर आसानी से और जल्दी तैयार कर सकते हैं।
खास बात है कि रोजाना इसका सिर्फ एक चम्मच खाने से आपकी थकान दूर होगी, पाचन तंत्र मजबूत रहेगा और आप दिनभर ताजगी महसूस करेंगे। आइए, डिटेल में जान लीजिए इसकी आसान रेसिपी।
जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट छुंदे को बनाने के लिए आपको आधा किलो ताजे आंवले, 400 ग्राम चीनी या गुड़, आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, थोड़ी-सी लाल मिर्च पाउडर और आधा चम्मच इलायची पाउडर की जरूरत होगी। चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करने से यह रेसिपी और भी ज्यादा सेहतमंद और ऊर्जा देने वाली बन जाती है।
बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर कद्दूकस कर लें। अब एक भारी तले वाली कढ़ाई या पैन में कद्दूकस किया हुआ आंवला और गुड़ डालकर धीमी आंच पर पकने दें।
- जैसे-जैसे गुड़ पिघलेगा, मिश्रण पानी छोड़ने लगेगा। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह नीचे से जले नहीं। जब सारा पानी सूख जाए और मिश्रण चाशनी की तरह गाढ़ा, चमकदार और चिपचिपा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
- गैस से उतारने के तुरंत बाद इस गर्म मिश्रण में काला नमक, जीरा पाउडर, लाल मिर्च और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- ये मसाले इसके खट्टे-मीठे स्वाद को और भी ज्यादा चटपटा बना देते हैं। छुंदे को पूरी तरह से ठंडा होने दें और फिर किसी साफ, सूखे कांच के जार में भरकर रख लें।
- बस फिर, आपका सेहतमंद और इंस्टेंट आंवला छुंदा तैयार है, जिसे आप पूरी, रोटी या पराठे के साथ मजे से खा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- दाल बाटी चूरमा से भी ज्यादा टेस्टी है बाफला बाटी, झटपट बनाएं राजस्थान-मालवा का ये खास व्यंजन, नोट करें रेसिपी
