बंगाल के रसगुल्ले और संदेश को स्वाद में कैसे टक्कर देती है UP के बहराइच की चमचम? घर पर ऐसे कर सकते हैं तैयार
उत्तर प्रदेश के बहराइच की मशहूर मिठाई चमचम, बंगाल के रसगुल्ले और संदेश को स्वाद में टक्कर देती है।

यूपी की इस मिठाई का अलग ही है रुतबा! (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी भारत की सबसे मशहूर और रसीली मिठाइयों का जिक्र होता है, तो बंगाल के रसगुल्ले और संदेश का नाम सबसे पहले आता है... लेकिन, क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश के बहराइच की गलियों में भी एक ऐसी मिठाई बनती है, जो स्वाद और बनावट के मामले में इन बंगाली मिठाइयों को सीधी टक्कर देती है? जी हां, हम 'चमचम' की बात कर रहे हैं।
बंगाल का रसगुल्ला जहां अपने स्पंज के लिए जाना जाता है, वहीं बहराइच की चमचम की बाहरी परत हल्की इसके मुकाबले थोड़ी कड़क और अंदर से चाशनी से लबालब होती है। संदेश की तरह इसमें दूध की सोंधी मिठास तो होती है, लेकिन चमचम के बीच में भरा जाने वाला मावा और ड्राई-फ्रूट्स इसे एक शाही स्वाद देते हैं। आइए, जानते हैं आप यूपी की इस मशहूर मिठाई को आसानी से अपने घर की रसोई में कैसे तैयार कर सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
चमचम बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध (छेना बनाने के लिए)
- 2 बड़े चम्मच नींबू का रस या सिरका
- 2 कप चीनी और 4 कप पानी (चाशनी के लिए)
- 100 ग्राम खोया/मावा (स्टफिंग के लिए)
- 1 चम्मच इलायची पाउडर
- सजावट के लिए कटे हुए पिस्ता, बादाम और केसर
घर पर चमचम बनाने की विधि
- सबसे पहले दूध को उबाल लें। गैस बंद करके उसमें थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस या सिरका पानी में मिलाकर डालें। जब दूध फट जाए, तो उसे एक साफ सूती कपड़े से छान लें और ठंडे पानी से धो लें ताकि नींबू का खट्टापन पूरी तरह निकल जाए।
- कपड़े को अच्छी तरह निचोड़कर छेने का सारा पानी निकाल दें। अब इस छेने को हथेलियों की मदद से 8-10 मिनट तक गूंथें जब तक कि यह बिल्कुल चिकना और मक्खन जैसा न हो जाए।
- इस चिकने छेने से छोटे-छोटे अंडाकार या सिलिंडर शेप बना लें। ध्यान रहे कि इनमें कोई दरार न हो।
- एक गहरे और चौड़े बर्तन में चीनी और पानी मिलाकर उबाल लें। तेज उबलती हुई चाशनी में छेने के टुकड़ों को डालें और बर्तन को ढक दें। इन्हें 15-20 मिनट तक पकने दें। पकने के बाद चमचम फूलकर दोगुनी हो जाएगी।
- चमचम को चाशनी से निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। अब हर चमचम में बीच से हल्का-सा चीरा लगाएं। खोये में इलायची पाउडर और बारीक कटे मेवे मिलाकर इस मिश्रण को चमचम के बीच में भर दें।
- बस फिर, ऊपर से पिस्ता, बादाम और केसर से सजाकर इसे ठंडा सर्व करें।
यह भी पढ़ें- कालीन ही नहीं, स्वाद का भी गढ़ है उत्तर प्रदेश का भदोही जिला; आपका दिल जीत लेंगे यहां के 5 मशहूर पकवान
