इस गणेश चतुर्थी बप्पा को लगाएं 'चॉकलेटी मोदक' का भोग, स्वाद ऐसा जो जीत लेगा सबका दिल; नोट करें रेसिपी
इस बार गणपति बप्पा के स्वागत में घर पर बनाएं माउथ वॉटरिंग चॉकलेटी मोदक।

चॉकलेटी मोदक रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हर साल गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा को खुश करने के लिए सादे पारंपरिक मोदक तो बनाते ही होंगे, इस बार इस ट्रेडिशनल स्वाद में मॉडर्न ट्विस्ट दें और बनाएं चॉकलेटी मोदक। यकीन माने चॉकलेटी मोदक की यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सबकी पसंदीदा बन जाएगी।
चॉकलेटी मोदक रेसिपी
घर पर चॉकलेटी मोदक बनाने के लिए वही पुरानी रेसिपी फॉलो करनी है, बस उसमें चॉकलेट का नया ट्विस्ट देना है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी:
सामग्री
2 कप डार्क या मिल्क चॉकलेट
1/2 कप कंडेंस्ड मिल्क
1 कप नारियल का बुरादा
3-4 कद्दूकस बादाम
3-4 कद्दूकस काजू
2-3 कद्दूकस पिस्ता
1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 छोटा चम्मच घी
स्वादानुसार चीनी या बूरा (ऑप्शनल)
विधि
चॉकलेटी मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक नॉन-स्टिकी पैन को गैस पर रख गर्म होने दें।
इस स्टेप में 1 कप नारियल का बुरादा लेकर उसे धीमी आंच पर कम से कम 2-3 मिनट तक भून लेना है।
जब नारियल अच्छे से भुन जाए तो इसे अलग बर्तन में निकालकर रख लें।
इसके बाद चॉकलेट को पिघलाने के लिए 'डबल बॉयलर' तरीके का इस्तेमाल करना है। इसके लिए एक बर्तन में पानी डालें। फिर उसके ऊपर एक स्टील की कटोरी रखें और उसमें चॉकलेट डालें।
अब धीरे-धीरे चॉकलेट को पिघलने देना है। आप चाहे तो चॉकलेट मेल्ट करने के लिए ओवन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
जब लगे कि चॉकलेट पिघलने लगी है तो उसमें कंडेंस्ड मिल्क भी मिला दें। इसे अच्छे से मिलाने के बाद गैस बंद कर दें।
मोदक बनाने के लिए पिघली हुई चॉकलेट में नारियल का बुरादा, 3-4 कद्दूकस बादाम, 3-4 कद्दूकस काजू और 2-3 कद्दूकस पिस्ता भी मिलाएं।
इसके बाद मोदक के इस मिश्रण में 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर भी मिलाएं और स्पैटुला की मदद से अच्छी तरह मिला लेना है। आप चाहे तो हल्की मिठास के लिए चीनी या बुरा भी मिला सकते हैं।
चेक करें कि मोदक का मिश्रण आटे जैसा हो गया है या नहीं।
इस स्टेप में मोदक के सांचे लेकर उसे अंदर से घी लगाकर चिकना कर लेना है।
अब आटे की छोटी मोदक के आकार की लोई लेकर सांचे के अंदर दबाते हुए भरें।
इसी तरह सारे मोदक बनाएं और एक-एक करके उन्हे सांचे से निकालकर प्लेट में रखते जाएं।
आपके गणेश चतुर्थी स्पेशल चॉकलेटी मोदक तैयार हैं।
