विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चैत्र नवरात्रि अष्टमी पर मां महागौरी को लगाएं नारियल की बर्फी का भोग, नोट करें बनाने की विधि

Published: Wed, 25 Mar 2026 05:00 PM (IST)

नवरात्र की अष्टमी के दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है, जिन्हें नारियल और उससे बनी मिठाइयां काफी पसंद हैं।

मां महागौरी के लिए नारियल की बर्फी का भोग (AI Generated Image)

मां महागौरी के लिए नारियल की बर्फी का भोग (AI Generated Image)

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चैत्र नवरात्र की अष्टमी के दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है। मान्यता है कि देवी के इस स्वरूप की पूजा करने से सभी पापों का नाश होता है और जीवन के कष्ट और बाधाएं दूर होती हैं। ऐसी भी मान्यता है कि मां महागौरी को नारियल और उससे बनी मिठाइयों का भोग बेहद प्रिय है। 

इसलिए मां महागौरी की पूजा में आप नारियल की बर्फी का भोग चढ़ा सकते हैं। नारियल की बर्फी बनाना काफी आसान है और इसे काफी कम सामग्रियों के साथ भी बनाया जा सकता है। आइए जानें मां को भोग लगाने के लिए घर पर नारियल की बर्फी बनाने की रेसिपी। 

सामग्री

  • नारियल- 2 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल 
  • चीनी- 1 कप (स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं)
  • दूध- 1 कप फुल क्रीम दूध
  • मावा या कंडेंस्ड मिल्क- ½ कप
  • इलायची पाउडर- ½ छोटा चम्मच
  • घी- 2 बड़े चम्मच
  • ड्राई फ्रूट्स- बारीक कटे हुए बादाम और पिस्ता 

बनाने की विधि 

  • सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में 2 चम्मच घी गर्म करें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें। ध्यान रहे कि नारियल का रंग न बदले, हमें बस इसकी नमी को थोड़ा कम करना है।
  • भुने हुए नारियल में दूध डालें और इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक नारियल दूध को पूरी तरह सोख न ले। इसके बाद इसमें चीनी डालें। चीनी पिघलने पर मिश्रण थोड़ा पतला हो जाएगा, लेकिन घबराएं नहीं, इसे लगातार चलाते रहें।
  • जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर डालें। अगर आप मावा इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसी समय उसे मैश करके डालें। मावा डालने से बर्फी का स्वाद बिल्कुल बाजार जैसा आता है। इसे तब तक पकाएं जब तक कि मिश्रण कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे और गुंदे हुए आटे की तरह इकट्ठा न हो जाए।
  • एक थाली या ट्रे को घी लगाकर चिकना कर लें। अब तैयार मिश्रण को थाली में निकालें और चम्मच या स्पैटुला की मदद से एक समान फैला दें। ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता छिड़कें और हल्का सा दबा दें ताकि वे सेट हो जाएं।
  • बर्फी को पूरी तरह ठंडा होने के लिए 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें। जब यह अच्छे से सेट हो जाए, तो चाकू की मदद से इसे चौकोर या डायमंड शेप में काट लें।