विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

76वां या 77वां- इस बार कौन-सा गणतंत्र दिवस मनाएगा भारत? गणित में उलझने से पहले यहां पढ़ें सही जवाब

Published: Fri, 23 Jan 2026 07:00 AM (IST)Updated: Fri, 23 Jan 2026 08:39 AM (IST)

गणतंत्र दिवस को लेकर अक्सर यह भ्रम रहता है कि कौन सा गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। इस साल ...और पढ़ें

(Picture Courtesy: Freepik)

(Picture Courtesy: Freepik)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जैसे-जैसे गणतंत्र दिवस करीब आने लगता है, लोगों के मन में एक सवाल भी उठने लगता है कि इस बार हम कौन-सा गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। साल 2026 में भी कई लोग इस उलझन में हैं कि यह भारत का 76वां गणतंत्र दिवस है या 77वां।

अगर आप भी इस उलझन में हैं, तो आइए आपकी इस कन्फूयजन को दूर करते हैं और जानते हैं कि इसे गिनने का सही तरीका क्या है।

76वां या 77वां- क्या है सही जवाब?

सीधे शब्दों में कहें तो, 26 जनवरी 2026 को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस (77th Republic Day) मनाएगा।

इसे समझने के लिए हमें इतिहास की तारीखों पर गौर करना होगा। भारत का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। इसी दिन भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य बना।

Republic Day (3)

(Picture Courtesy: Freepik)

कैसे हुआ यह 77वां गणतंत्र दिवस?

अक्सर लोग वर्तमान वर्ष (2026) में से संविधान लागू होने वाले वर्ष (1950) को घटा देते हैं। इस गणित के हिसाब से लगता है कि यह 76वां साल है। लेकिन, ध्यान देने वाली बात यह है कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपना पहला (1st) गणतंत्र दिवस मनाया था।

इसलिए अगर हम इसे क्रम में देखें, तो-

  • 26 जनवरी 1950- पहला (1st)
  • 26 जनवरी 1951- दूसरा (2nd)
  • 26 जनवरी 1959- दसवां (10th)
  • 26 जनवरी 1999- 50वां (गोल्डन जुबली)
  • 26 जनवरी 2024- 75वां
  • 26 जनवरी 2025- 76वां
  • 26 जनवरी 2026- 77वां

इसे आप अपने जन्मदिन के उदाहरण से समझ सकते हैं। जिस दिन आपका जन्म होता है, वह आपका पहला दिन होता है, लेकिन आपका पहला जन्मदिन एक साल पूरा होने पर मनाया जाता है। गणतंत्र दिवस के मामले में, हम उसकी वर्षगांठ को नहीं, बल्कि उस 'दिन' को गिनते हैं। क्योंकि 1950 में पहली बार यह समारोह हुआ, इसलिए 2026 में यह 77वीं बार आयोजित हो रहा है।

भारत को गणतंत्र बने कितने साल हुए?

अगर आपसे कोई पूछे कि 2026 में गणतंत्र की कौन-सी वर्षगांठ है, तो जवाब होगा 76वीं साल। क्योंकि 1950 से 2026 तक भारत को गणतंत्र बने हुए 76 साल पूरे हो चुके हैं। लेकिन समारोह या 'दिवस' की संख्या हमेशा साल से एक अंक आगे रहती है।

गणतंत्र दिवस का महत्व

15 अगस्त 1947 को भारत आजाद तो हो गया था, लेकिन हमारे पास अपना संविधान नहीं था। हम तब भी ब्रिटिश कानून 'गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट 1935' के तहत चल रहे थे। 26 जनवरी 1950 को जब डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भारत के पहले राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली और तिरंगा फहराया, तब भारत सही मायनों में एक गणराज्य बना। तब से हर साल बड़ी धूम-धाम के साथ रिपब्लिक डे मनाया जाता है, जिसमें भारत अपनी सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करता है।