Get Hair Like Sonam Kapoor: सोनम कपूर जैसे लंबे और घने बाल चाहिए, तो अपनाएं आसान घरेलू उपाय
Get Hair Like Sonam Kapoor अगर आप भी चाहती हैं कि बाल सोनम कपूर जैसे खूबसूरत और लंबे हों तो इसके लिए घरेलू तरीकों अपनाएं। ये आसान उपाय आपके बालों को मज़बूत और लंबा बनाएंगे।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Get Hair Like Sonam Kapoor: ज़्यादातर लड़कियों का सपना होता है कि उनके बाल लंबे, घने और चमकदार हों। लंबे बाल पाने की ख्वाहिश में वो क्या कुछ नहीं करती हैं। बाज़ार के लगभग हर प्रोडक्स को आज़माने के लिए खूब पैसे खर्च करती हैं, पार्लर में प्रोटीन स्पा लेती हैं लेकिन इन सबके बावजूद उन्हें निराशा ही हाथ लगती है।
बाज़ार में बिकने वाले ज़्यादातर प्रोडक्ट्स के दावे बड़े होते हैं लेकिन उनसे फायदा से ज़्यादा नुकसान होने का डर होता है। दरअसल, इन प्रोडक्ट्स में कैमिकल्स का भरपूर इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बालों को काफी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में घरेलू उपायों को आज़माना बेहतर विकल्प है। इससे न सिर्फ आपको लंबे और खूबसूरत बाल मिलेंगे बल्कि कोई साइड-इफेक्ट भी नहीं होंगे। साथ ही ये उपाय आसान हैं और ज़्यादा पैसे भी खर्च नहीं होते।
यहां तक कि सोनम कपूर जैसी खूबसूरत बालों वाली एक्ट्रेस ने भी माना है कि वो अपने बालों का खास ख्याल रखने के लिए घरेलू उपायों पर भरोसा करती हैं। अगर आप भी चाहती हैं कि आपके बाल सोनम कपूर जैसे खूबसूरत और लंबे हों, तो इसके लिए घरेलू तरीकों की मदद लें। ये आसान उपाय आपके बालों को मज़बूत और लंबा बनाएंगे।
1. मेथी दाने में मौजूद प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड बालों की ग्रोथ में असरदार साबित होता है। अपने बालों की लंबाई और वॉल्यूम के हिसाब से एक कप पानी में तीन या चार बड़े चम्मच मेथी दाने रातभर भिगोकर रख दें। सुबह इसका मिक्सी में पेस्ट बना लें। इसमें नारियल तेल मिलाकर पूरे सिर और बालों पर अच्छी तरह मसाज करें। आधे घंटे बाद धो लें। हफ्ते में दो बार इसका इस्तेमाल करें।
2. करी पत्ता में मौजूद कैल्शियम, फोरफोर्स, विटामिन और आयरन बालों को लंबा करने में मदद करते हैं। एक मुठ्ठी करी पत्ता लें और इसे आधा कप नारियल तेल में उबाल लें। फिर इसे छान कर बालों में लगाएं और मालिश करें। रातभर लगे रहने दें और फिर सुबह धो लें। आप बचे हुए तेल को किसी जार में स्टोर कर सकते हैं। हफ्ते में दो से तीन बार इसे इस्तेमाल करें।
3. एक पैन में थोड़ा नारियल तेल लें। इसमें दो-तीन कच्चे आंवले का पेस्ट मिला लें। जब आंवला नारियल तेल में घुल जाए तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर इस तेल को एक बॉटल में रख सकते हैं। हर दूसरे दिन सोने से पहले इससे बालों में मसाज करें।
4. प्याज़ भी बालों की ग्रोथ के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है। इसके रस में मौजूद सल्फर बालों को लंबा करने में काफी मदद करता है। एक प्याज़ लें और इसे काटकर मिक्सी में पीस लें। अब इसे छानकर इसके रस को अलग कर लें और कॉटन की मदद से पूरे सिर पर अच्छी तरह लगाएं। 20 मिनट बाद धो लें। हफ्ते में दो बार ऐसा करें। इससे डैंड्रफ से भी राहत मिलती है।
5. आपके बालों की मज़बूती और ग्रोथ प्रोटीन पर भी निर्भर करती है। इसलिए अंडा काफी फायदा पहुंचाता है। अंडा प्रोटीन से भरपूर होता है और बालों को बढ़ने में मदद करता है। इसके लिए एक अंडा लें और इसे फोड़ कर अच्छी तरह फेंट लें। इसमें दो बड़े चम्मच बादाम का तेल, दही या फिर नींबू का रस मिलाकर बालों पर लगाएं। आधे घंटे बाद धो लें। हफ्ते में एक बार इसे ज़रूर लगाएं।