स्किन से लेकर हेयर केयर के इन टिप्स को फॉलो कर नजर आएं हरदम जवां और खूबसूरत
रूखी और बेजान त्वचा और बालों के लिए हमेशा मौसम को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं। जरूरत है इनकी सही तरीके से देखभाल। जो खूबसूरती के साथ ही आपको दिखाएंगे जवां।
हरदम जवां और खूबसूरत नजर आने के लिए ब्यूटी पॉर्लर के चक्कर लगाने से बेहतर है घर पर ही नेचुरल चीज़ों से स्किन और बालों का ट्रीटमेंट करना। होममेड मास्क, उबटन ऐसी ही कुछ चीज़ें हैं जिन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और ये हर तरीके से फायदेमंद होते हैं। मौसम कोई भी हो इनका इस्तेमाल कभी भी किया जा सकता है। तो आइए जानते हैं इन बेसिक टिप्स एंड ट्रिक्स के बारे में, जो खूबसूरत स्किन और बालों के लिए हैं बहुत जरूरी।
स्किन केयर
1. स्किन एक्सफोलिएट करें। इससे डेड स्किन हटती है, ब्लड सर्कुलेश में सुधार होता है। लेकिन इस दौरान स्किन को बहुत जोर से न रगड़ें। एक्सफोलिएट करने से पहले माइल्ड साबुन से चेहरा धोएं।
2. उम्र बढऩे के साथ त्वचा की तेल ग्रंथियों की सक्रियता कम हो जाती है, जिससे त्वचा रूखी हो जाती है। त्वचा में नमी बनाए रखने के लिए ऑयल युक्त मॉयस्चराइज़र, जिसमें पेट्रोलियम के साथ एंटीऑक्सीडेंट और अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड हो यूज़ करें। यह त्वचा को मॉयस्चराइज़ करने के साथ ही एंटी एजिंग की समस्या से भी छुटकारा दिलाती है।
3. होममेड फेस मास्क लगाएं। एक केले में 2 टीस्पून दही और शहद डालें। इसे चेहरे व गर्दन पर लगाएं, सूखने के बाद धो दें।
4. आंखों के आसपास झुर्रियां और लाइनिंग बढ़ती उम्र की मुख्य समस्याएं हैं। आई जेल और आई क्रीम लगाएं। इससे आंखों को पोषण मिलता है, जिससे झुर्रियों की समस्या से बचा जा सकता है।
5. सनस्क्रीन लगाएं। धूप में ज़्यादा देर तक रहने से स्किन सेल्स डैमेज हो सकती हैं जिससे झुर्रियां, सनबर्न और स्पॉट जैसी समस्याएं हो सकती हैं इसलिए सनस्क्रीन लगाना न भूलें।
हेयर केयर
1. उम्र के साथ ही स्कैल्प का रूखापन शुरू हो जाता है। इससे बचने के लिए बालों को हफ्ते में एक या दो बार शैंपू से धोएं। गुनगुने तेल से स्कैल्प की मालिश करने के 20 मिनट के बाद बालों को धोएं, इससे सिर की त्वचा के रोम छिद्र खुल जाते हैं और रूखापन भी दूर हो जाता है।
2. सफेद बालों को कवर करने के लिए हेयर कलर करवाएं। इसके बाद नियमित तौर पर बालों की कंडिशनिंग ज़रूर करते रहें, वर्ना बाल फ्रिज़ी-फ्रिज़ी से दिखेंगे।
3. बालों में बहुत ज्यादा कंघी या ब्रश करने से बचें। वहीं बालों में ज़्यादा टाइट रबरबैंड या क्लिप्स न लगाएं। इससे बाल टूटने से बचेंगे। प्रोटीन हेयर पैक जरूर लगाएं।
4. अगर बालों को धोने से पहले शैंपू में 1 टीस्पून चीनी मिलाएंगी तो इससे शैंपू में उपस्थित केमिकल्स का प्रभाव कम हो जाता है। ऐसा करने से स्कैल्प में नमी बनी रहती है, जिससे बाल सॉफ्ट व सिल्की दिखते हैं। हमेशा माइल्ड या हर्बल शैंपू यूज़ करें।
5. अल्ट्रावायलेट किरणें बालों को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाती हैं, इससे बालों के झडऩे और नए बालों का निकलना रुक जाता है इसलिए घर से निकलते वक्त इसे स्कार्फ या कैप से पूरी तरह ढक लें।
मेकअप रूल्स
1. मेकअप करने से पहले मॉयस्चराइज़र लगाएं, फिर बेस क्रीम लगाएं। बाद में हल्का अल्ट्राफाइन पाउडर इस्तेमाल करें। हेल्दी स्किन की खूबसूरती उसकी नमी से झलकती है। क्रीम की शाइन को हल्का करने के लिए पाउडर की ज़रूरत होती है।
2. आईलाइनर में मोटी लाइन के बजाय पलकों के पास बारीक लाइन लगाएं। ऊपर की पलकों पर मस्कारा लगाने से आंखों को सॉफ्ट लुक मिलेगा।
3. बढ़ती उम्र के साथ त्वचा की चमक कम होने लगती है इसलिए ब्लशर लगाएं। हालाइटिंग ज़रूर करें। इससे चेहरा आकर्षक दिखेगा।
4. डार्क लिपस्टिक के बजाय ब्राइट का लाइट शेड अपनाएं। डार्क शेड्स से होंठ सिकुड़े लगते हैं। डार्क शेड्स पसंद है तो बेरी शेड लगाएं। मॉयस्चराइज़र युक्त लिपस्टिक लगाएं। फिर लिपस्टिक लगाने के बाद नैचरल शेड वाला ग्लॉस लगाएं।
5. यंग लुक के लिए नॉर्मल से एक शेड लाइट बेस क्रीम का चुनाव करें। चेहरा खूबसूरत और नेचुरल दिखता है। ज़्यादा पतली आईब्रो चेहरे को बड़ा दिखाती है इसलिए इसे ज़्यादा न छेड़ें।