हैवी लहंगे, मेकअप और जूलरी नहीं, शादी में खूबसूरत लुक के लिए इन टिप्स एंड ट्रिक्स पर करें गौर
ऐसा क्या पहने जो न सिर्फ ट्रेंड में हो बल्कि शादी को शानदार भी बना दे? क्या है इन दिनों ब्राइडल ट्रेंड? शादियों के दुल्हनें किन बातों पर कर रही हैं फोकस जानेंगे इसके बारे में...
वह लग रही है छुई-मुई सी लेकिन है पूरी कॉन्फिडेंट। उसे अपनी जिंदगी के इस बेहतरीन पल को एंजॉय करना है। आखिर उसकी शादी जो है। वह लाल कपड़ों में बंधी, दबी-सकुचाई सी गठरी तो बिल्कुल नहीं हो सकती। उसे चाहिए दुल्हन का वह जोड़ा जो हल्का और आरामदायक हो। वह मेकअप जो उसे खूबसूरत तो दिखाए लेकिन लिपा-पुता नहीं। चाहिए वे गहने जिनमें उसका रूप और दमके लेकिन गर्दन भार से झुके नहीं। आज की ब्राइड पारंपरिक है लेकिन रंग, डिजाइन, कंफर्ट और लुक को लेकर भी वह काफी सजग है।
शादी और थीम
इन दिनों दुल्हन पहले अपनी शादी की थीम तय करती है और फिर उसी के हिसाब से अपने गहने और कपड़े तय करती है कि क्या ड्रेस पहनेगी? फैब्रिक क्या रहेगा? कट कैसा होगा? कैसी ज्यूलरी होगी? रंग क्या होंगे? दुपट्टा कैसा होगा? गहनों में कुंदन रहेगा या डायमंड, पोलकी और जड़ाऊ। थीम के अनुरूप ही मेकअप का ट्रेंड है। मेकअप में शिमर, डल, मेट, मेटेलिक और हाई डेफिनेशन रह सकता है। जो पूरी तरह थीम पर ही निर्भर करता है। बिंदी का पैटर्न भी भारी, गोल और लंबा हो सकता है। पारंपरिक बंगाली लुक में बड़ी बिंदी चलती है। मेकअप में लिपस्टिक के कलर से लेकर हेयर स्टाइल और एक्सेसरीज तक थीम से ही तय होती है। अगर थीम रजवाड़ा रख रहे हैं तो रजवाड़ा लुक चलता है, अगर विक्टोरियन ब्राइड रखते हैं तो विक्टोरियन कलर्स और हेयर स्टाइल चलते हैं।
खुद की पसंद के आउटफिट्स
पहले रेड और मैरून कलर के ही लहंगे ट्रेंड में थे लेकिन अब तो ऑफ व्हाइट, सुनहरा और हरा, नीला रंग तक पहन रही हैं दुल्हनें। वे समाज की परंपरा से ज्यादा अपनी पसंद को महत्व दे रही हैं। अपनी जिंदगी के इस खास मौके पर वे अपने लिए तैयार होती हैं। यह कार्यक्रम उनका अपना है। वे चाहे किसी भी थीम से प्रेरित हों लेकिन करती वे ही है जो उन्हें करना है। हर प्रकार के फैशन में आजकल लोग अपनी खुद की मर्जी को ज्यादा महत्व देते हैं। हर फंक्शन के लिए अपने विचार के हिसाब से ही डिजाइनर ड्रेस का चयन करते हैं। पहले ब्राइडल लहंगे लाल, गुलाबी रंगों में ही दिखते थे लेकिन अब लड़कियां अपारंपरिक रंगों को भी पसंद कर रही हैं। आफ शॉल्डर कुर्ती या ब्लाउज के साथ से लहंगा पारंपरिक होते हुए भी मॉडर्न हो जाता है। क्लासिक ट्रेडिशनल हैंडलूम भी फैशन में है। बनारसी लहंगे का फैशन वापस आ रहा है।
नेचुरल लुक को तरजीह
कोई जरूरी भी नहीं कि शादी हो तो दुल्हन हर तरफ से लदी हुई और चमकती सी नजर आए। आजकल लड़कियां अपने नैचुरल लुक को ही खूबसूरत दिखाना चाहती हैं। दरअसल मेकअप तभी खूबसूरत लगता है जब वो जरूरत के मुताबिक हो। पहले दुल्हन बिंदी बहुत बड़ी लगाती थीं लेकिन अब तो कई लगाती भी नहीं है। आंखें भी बहुत ज्यादा ड्रामेटिक नहीं भाती उन्हें। उन्हें भारी नहीं चाहिए और चाहिए नैचुरल। जो उनका अपना लुक है उसी को और खूबसूरत बनाना चाहती हैं बस।
लेयरिंग में पहनेंगी गहने
शादियों में सोने और हीरों के गहने देने की परंपरा है। भारी-भरकम सेट सिर्फ शादी के दिन पहने जाते हैं और फिर लॉकर में चले जाते हैं। कई बार तो लड़कियां उसे दुबारा पहन ही नहीं पाती हैं। लेकिन आज दुल्हन वही गहने खरीद रही है जिसे बाद में अलग-अलग आसानी से पहना जा सके। इसके लिए वह गहनों में भी लेयरिंग पहन रही है। पोलकी डायमंड्स उनकी पसंद है। चांद बाली, नवरत्न बाली के साथ मांग टीका, माथा पट्टी और झूमर पहन रही हैं। चोकर काफी ट्रेंड में है। इंडो-वेस्टर्न ज्यूलरी पसंद कर रही है दुल्हन।