विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कार ने बाइक में मारी टक्कर, दंपती की मौत

By JagranEdited By:
Published: Sun, 06 Feb 2022 06:17 PM (IST)

संवाद सूत्र अचलगंज (उन्नाव) गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारो

कार ने बाइक में मारी टक्कर, दंपती की मौत
कार ने बाइक में मारी टक्कर, दंपती की मौत

संवाद सूत्र, अचलगंज (उन्नाव) : गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे दंपती को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना से नाराज स्वजन व ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस व क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। तब जाकर तीन घंटे बाद जाम खुला और पुलिस ने घटना की जांच कर शव पोस्टमार्टम को भेजे।

बीघापुर थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर कर्ण गांव के मूल निवासी संजू बाजपेई वर्तमान में शुक्लागंज में मकान बनाकर रहते हैं। बीते शनिवार उनकी बेटी की शादी थी। भतीजी की शादी में शामिल होने गांव में रह रहे 45 वर्षीय गुड्डू उर्फ ब्रजेश शंकर पुत्र टेनी बाजपेई 42 वर्षीय पत्नी सीता उर्फ बबिता के साथ गए थे। रविवार को विदाई के बाद वे दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। अभी वे उन्नाव-लालगंज मार्ग स्थित भैंसई नौबस्ता गांव के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दंपती की मौके पर मौत हो गई। वहीं अनियंत्रित कार ने सामने से आ रहे सुमन कुमार की बाइक में भी टक्कर मार दी। जिसमें वे गंभीर घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही स्वजन व ग्रामीण वहां पहुंचे और आक्रोशित होकर सड़क पर जाम लगा दिया और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर सीओ डीपी सिंह, इंस्पेक्टर संदीप शुक्ला पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हादसे की सूचना पर कई जन प्रतिनिधि व विधानसभा प्रत्याशी भी पहुंचे और स्वजन को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे। इस दौरान करीब तीन घंटे तक रोड पर जाम लगा रहा। स्वजन ने बताया कि मृतक दंपती के दो बेटों में 14 वर्षीय चित्रांश व छह वर्षीय अनिकेत हैं। उधर, घटना के बाद कार सवार वाहन वहीं छोड़ कर भाग गए। पुलिस कार कब्जे में लेकर कागजातों के आधार पर मालिक का पता लगा रही है।