यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : डीएम
चम्पावत के जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने उप चुनाव को लेकर बैठक ली।

संवाद सहयोगी, चम्पावत : जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा है कि उप चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आचार संहिता प्रभाव लागू है।
बुधवार को जिला सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि उप चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न किया जाएगा। चुनाव की घोषणा होते ही संपूर्ण जनपद में आचार संहिता एवं धारा 144 लागू कर दी गई है। बताया कि चुनाव की तैयारी के लिए सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है। आचार संहिता एवं धारा 144 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने में मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक खबरों का सम्प्रेषण करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने बताया कि उप चुनाव में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सारे इंतजाम कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने व मतदान को प्रभावित करने वाले तत्वों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम सदर अनिल कुमार चन्याल, चंद्रशेखर जोशी, दिनेश पांडेय, गणेश दत्त पांडेय, चंद्र बल्लभ ओली, संतोष जोशी, दिनेश भट्ट, जीवन बिष्ट मौजूद रहे। ====== चम्पावत में राजनीतिक दलों के बैनर पोस्टर हटाने का काम शुरू
संवाद सहयोगी, चम्पावत : आचार संहिता लगने के बाद प्रशासन द्वारा चम्पावत, टनकपुर और बनबसा नगरों में लगाए गए राजनीतिक दलों के बैनर पोस्टरों को हटाया जा रहा है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन बैनर पोस्टरों को हटाने का काम जारी रहा। लोगों को उनके घरों और वाहनों में लगे बैनर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को चम्पावत के अलावा मैदानी क्षेत्र टनकपुर व बनबसा में पुलिस और प्रशासन की टीम ने बाजार समेत गलियों में जाकर राजनीतिक दलों के बैनर और होर्डिग से हटा दिए। बुधवार को भी यह अभियान जारी रहा। जिन घरों और लोगों के वाहनों में राजनीतिक बैनर लगे हैं उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जिन घरों से बैनर और होर्डिंग से नहीं हटाए जाएंगे उनके मकान स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरओ हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैनर और होर्डिंग हटवाने में पुलिस, राजस्व विभाग के कर्मचारी समेत होमगार्ड और पीआरडी जवान लगे रहे। ======= डीएम ने किया नामांकन कक्ष का निरीक्षण
चम्पावत : जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बुधवार को तहसील परिसर में बने नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। कहा कि नामांकन फार्म समेत समस्त सामग्री की पूर्ण व्यवस्था कर ली जाए।