विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोवामुंडी में सड़क के बीचोंबीच आ धमका जंगली हाथी, दहशत में गाड़ियां छोड़ भागे चालक; जेसीबी की मदद से खदेड़ा

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:18 PM (IST)

नोवामुंडी-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर एक जंगली हाथी के अचानक आ जाने से बुधवार रात भारी अफरातफरी मच गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई। 

बुधवार देर रात करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा, जिसके बाद जेसीबी और ग्रामीणों की मदद से हाथी को जंगल में खदेड़ा गया।

बुधवार देर रात करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा, जिसके बाद जेसीबी और ग्रामीणों की मदद से हाथी को जंगल में खदेड़ा गया।

HighLights

  1. एक घंटे तक यातायात ठप, चालक गाड़ियां छोड़ भागे।

  2. जेसीबी की मदद से हाथी को जंगल में खदेड़ा गया।

जासं, नोवामुंडी। नोवामुंडी-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर बुधवार रात सुख चैन मोटर गैरेज के पास एक जंगली दंतैल हाथी के अचानक सड़क पर आ जाने से भारी अफरातफरी मच गई। 
 
हाथी को सड़क के बीचोंबीच खड़ा देख वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए कई चालकों ने गाड़ियों की लाइट बंद कर दी। 
 
वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले, जबकि कुछ चालकों ने किसी तरह अपने वाहनों को पीछे कर अपनी जान बचाई।
 

पैदल चल रहे राहगीर भी उलटे पांव दौड़ पड़े

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब आठ बजे की है। उस समय मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही थी। 
 
तभी अचानक जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी मुख्य सड़क पर आ गया। विशालकाय हाथी को ठीक सामने देखकर बाइक सवार अपनी गाड़ियां वहीं छोड़कर भागने लगे, वहीं पैदल चल रहे राहगीर भी उलटे पांव दौड़ पड़े। 
 
इस दौरान हाथी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए लोगों और वाहनों की ओर दौड़ना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। 
 
हाथी के उग्र स्वभाव को देखते हुए भारी वाहनों और ट्रकों के चालकों ने समझदारी दिखाते हुए हॉर्न बजाना बंद कर दिया, ताकि शोर से हाथी और अधिक उत्तेजित न हो।
 

एक घंटे तक ठप रहा आवागमन 

सड़क के बीचोंबीच हाथी के डटे रहने के कारण रात आठ बजे से नौ बजे तक करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। 
 
मुख्य सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्री दहशत के साये में दूर से ही हाथी के जंगल लौटने का इंतजार करते रहे। 
 
बाद में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद तथा ग्रामीणों और वाहन चालकों के सामूहिक प्रयासों के बाद हाथी को सुरक्षित वापस जंगल की ओर खदेड़ा जा सका। 
 
हाथी के जंगल में लौटने के बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
 

हाथी कॉरिडोर बनाने की उठी मांग 

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जंगल के बीच से जंगली हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए 'हाथी कॉरिडोर' बनाने की पुरजोर मांग उठाई है। 
 
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्ग सुरक्षित नहीं होने के कारण वे अक्सर भटककर मुख्य सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। 
 
क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए जल्द ठोस पहल करने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।