विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SIR में पश्चिमी सिंहभूम ने मारी बाजी; पांचों विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा, झारखंड में चाईबासा अव्वल

Published: Sat, 07 Nov 2026 08:29 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम जिले ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत तीनों श्रेणियों में शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर झारखंड में पहला स्थान प्राप्त किया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी निर्वाचन टीम को बधाई दी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी निर्वाचन टीम को बधाई दी।

HighLights

  1. पश्चिमी सिंहभूम ने SIR-2026 में झारखंड में प्रथम स्थान पाया।

  2. जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कार्य पूरा हुआ।

  3. उपायुक्त ने निर्वाचन टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 के तहत निर्धारित तीनों श्रेणियों में शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर पश्चिमी सिंहभूम जिले ने पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। 
 
जिले के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों- चाईबासा, मंझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर और चक्रधरपुर में निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित समयसीमा और लक्ष्य के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। 
 
जिला निर्वाचन कार्यालय से लेकर जमीनी स्तर तक के पदाधिकारियों और कर्मियों के सामूहिक प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।
 

सामूहिक मेहनत और बेहतर समन्वय का परिणाम  

इस बड़ी सफलता में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ), पर्यवेक्षकों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और अन्य सहयोगी कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
 
कर्मियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, आवश्यक विवरणों का बारीकी से सत्यापन करने, अभिलेखों के संधारण और निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने में सक्रिय योगदान दिया।
 

उपायुक्त ने निर्वाचन टीम को दी बधाई 

इस शानदार उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी निर्वाचन टीम को बधाई दी है। 
 
उन्होंने कहा कि एसआइआर-2026 की तीनों श्रेणियों में शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। 
 
यह किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यरत पूरी टीम की मेहनत, समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है।
 

लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम 

उपायुक्त ने विशेष रूप से बूथ स्तरीय पदाधिकारियों (BLOs) और पर्यवेक्षकों के मैदानी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता ही इस सफलता का मुख्य आधार बनी है। 
 
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह बेहद आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। 
 
उसमें किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे। प्रशासन के इस सफल अभियान से आगामी चुनावी प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।