पश्चिमी सिंहभूम में सनसनीखेज हत्याकांड: सामान दिलाने के बहाने जंगल में ले जाकर भतीजी की हत्या, ताऊ धराया
पश्चिमी सिंहभूम के सिकुरसाई गांव में 11 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसमें पुलिस ने उसके ताऊ सन्नी गोप को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ताऊ (पिता के बड़े भाई) सन्नी गोप को गिरफ्तार कर लिया है।
HighLights
पश्चिमी सिंहभूम में 11 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या।
पुलिस ने बच्ची के ताऊ सन्नी गोप को किया गिरफ्तार।
आरोपी की निशानदेही पर जंगल से शव बरामद।
जासं, चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकुरसाई गांव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 11 वर्षीय एक बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ताऊ (पिता के बड़े भाई) सन्नी गोप को गिरफ्तार कर लिया है।
उसकी निशानदेही पर रविवार को गांव के पास स्थित जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है।
सामान दिलाने के बहाने ले गया था ताऊ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची पिछले गुरुवार से अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता थी। परिजनों ने बताया कि उसका ताऊ सन्नी गोप उसे कुछ सामान दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से बच्ची वापस नहीं लौटी।
जब परिजनों ने ताऊ से इस बारे में पूछताछ की, तो उसने गुमराह करते हुए बच्ची को रास्ते में ही छोड़ देने की झूठी बात कही।
पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा
काफी तलाश के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
संदेह के आधार पर पुलिस ने शनिवार को सन्नी गोप को हिरासत में ले लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ के आगे आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को गांव के समीप के जंगल से बच्ची का शव बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस हत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और अन्य रहस्यों से पर्दा उठ सकेगा। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।