एनएच पर काल बना ट्रेलर: चाईबासा में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, गांव में छाया मातम
पश्चिमी सिंहभूम के जैंतगढ़-छनपदा मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई।

रविवार को पिता-पुत्र बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान जैंतगढ़-छनपदा मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
HighLights
जैंतगढ़-छनपदा मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई।
अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारी।
जैंतगढ़ (पश्चिमी सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़ और छनपदा गांव के बीच रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
मृतकों की पहचान चक्रधरपुर के पास केरा पंचायत अंतर्गत तिलोपदा गांव निवासी लखन गागराई (50 वर्ष) और उनके पुत्र राजा गागराई (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को पिता-पुत्र बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान जैंतगढ़-छनपदा मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास और सहायक अवर निरीक्षक ईसारूल हक पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत चंपुआ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव में छाया मातम
पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद परिजन रोते-बिलखते चंपुआ अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
एक ही परिवार के दो लोगों पिता और पुत्र की एक साथ सड़क हादसे में मौत से तिलोपदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रेलर की तलाश और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।