विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Vande Bharat Express: राउरकेला से हावड़ा के बीच अगस्त से चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, साढ़े तीन घंटे में पहुंचेगी

By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
Published: Sat, 11 Feb 2023 03:23 PM (IST)Updated: Sat, 11 Feb 2023 03:26 PM (IST)

Vande Bharat Express चक्रधरपुर रेल मंडल से वंदे भारत ट्रेन अगस्त महीने से चलने लगेगी। वंदे भारत ट्रेन को चलाने ...और पढ़ें

राउरकेला से हावड़ा के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
राउरकेला से हावड़ा के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

चक्रधरपुर, जागरण संवाददाता। राउरकेला से हावड़ा जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला से हावड़ा स्टेशन के बीच अगस्त महीने में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन इतनी तेज चलेगी कि साढ़े तीन घंटे में यात्री हावड़ा पहुंच जाएंगे।

वंदे भारत ट्रेन को चलाने के लिए चक्रधरपुर मंडल रेल प्रशासन ने तीन मेल लोको पायलट, तीन सहायक लोको पायलट और एक चीफ लोको इंस्पेक्टर को ट्रेनिंग में चेन्नई भेजा था। चक्रधरपुर के मेल लोको पायलट बसंत लाल, सहायक लोको पायलट गुणा राम महतो, टाटानगर के मेल लोको पायलट डीएन ठाकुर, सहायक लोको पायलट बादल कमार, राउरकेला के मेल लोको पायलट एस षांडगी, सहायक लोको पायलट राज कुमार, चीफ लोको इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने चेन्नई में वंदे भारत ट्रेन को चलाने के लिए चार दिनों की ट्रेनिंग ली है।

इन मेल लोको पायलटों के ट्रेनिंग से साफ है कि आने वाले कुछ महीने में राउरकेला से हावड़ा स्टेशन के बीच वंदे भारत ट्रेन चक्रधरपुर रेल मंडल की पटरियों पर सरपट दौड़ते हुए हावड़ा तक जाएगी। वंदे भारत ट्रेन को चलाने की सारी प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा किया जा रहा है।

बता दें कि वंदे भारत ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किमी प्रति घंटा की होती है। अब रेल पटरी को 160 किमी की रफ्तार से ट्रेन चलाने के लिए तैयार किया जा रहा है। फिलहाल, चक्रधरपुर रेल मंडल में 130 किमी प्रतिघंटे से ट्रेनें चल रही हैं। इसके बाद लोको पायलट और सीएलआइ को ट्रेनिंग दी गई।

रेलवे सूत्रों की माने तो अगस्त महीने में वंदे भारत ट्रेन का रैक चक्रधरपुर रेल मंडल पहुंचेगा। वंदे भारत ट्रेन के रेक की आपूर्ति होते ही चक्रधरपुर रेल मंडल से वंदे भारत ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। राउरकेला से खुलने वाली वंदे भारत ट्रेन का ठहराव राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और हावड़ा स्टेशन में होगा। चक्रधरपुर स्टेशन में वंदे भारत ट्रेन का ठहराव दो मिनट का होगा। राउरकेला से वंदे भारत ट्रेन सुबह में खुलेगी वहीं हावड़ा से यह ट्रेन शाम में खुल कर रात को राउरकेला पहुंचेगी।