यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोबाइल चोरी करते पकड़ी गई युवती का सिर मुंडवाया
युवती रोती रही, बिलखती रही और कहती रही कि मैंने मोबाइल वापस कर दिया है। मैं चोर नहीं हूं लेकिन किसी का दिल नहीं पिघला।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। मोबाइल चोरी करते पकड़े जाने पर एक युवती का सिर मुंडवाकर उसे जूते की माला पहनाई गई और पूरे इलाके में घुमाया गया। चाईबासा के सुफलसाई स्थित कमिश्नर ऑफिस के पीछे गुरुवार की सुबह करीब सात बजे एक युवती मोबाइल चोरी करते पकड़ी गई थी। एक छोटी सी गलती के कारण स्थानीय युवकों ने युवती के सिर के बाल मुंडवा दिया। गले में 'मैं मोबाइल चोर हूं' का पट्टा लगाया और डंडे से पीटते हुए शहर की मुख्य सड़कों के बीचों-बीच पूरे क्षेत्र में घुमाया। आयुक्त कार्यालय के बगल में युवती का सिर मुंडवाकर घुमाने की घटना करीब तीन घंटे तक चलती रही।
बताया जाता है कि पांच से सात युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। इन्होंने युवती को पूरे इलाके में घुमाया। विडंबना यह रही कि युवती को बचाने की बजाय हर कोई इस अपराध में शरीक रहा। युवती रोती रही, बिलखती रही और कहती रही कि मैंने मोबाइल वापस कर दिया है। मैं चोर नहीं हूं लेकिन किसी का दिल नहीं पिघला। इस दौरान भीड़ तमाशबीन बनी रही। भीड़-भाड़ वाले सरायकेला मोड़ के पास हुई इस घटना की पुलिस को जानकारी देने तक की किसी ने जहमत नहीं उठाई। सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तब तक युवती और आरोपित वहां से जा चुके थे। पुलिस पीड़ित युवती की तलाश कर रही है, ताकि उसके साथ अमानवीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज हो सके।
मेरे संज्ञान में ऐसा कोई मामला अभी तक नहीं आया है। पुलिस पीड़िता की तलाश कर रही है। भुक्तभोगी के सामने आने के बाद जो भी इस घटना के पीछे होंगे, उन पर कार्रवाई होगी।
-मुफ्फसिल थाना प्रभारी, दिगविजय सिंह
राहुल, सुजीत व राजेश ने मिलकर मुंडवाया था युवती का सिर
मोबाइल की चोरी करते पकड़े जाने पर एक युवती का सिर मुंडवाकर उसे जूते की माला पहनाने और पूरे इलाके में घुमाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित राहुल रोशन बानरा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस को दो अन्य युवक सुजीत और राजेश की तलाश है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि जिस युवती के साथ यह घटना घटी वो चक्रधरपुर की रहने वाली है। आठ मई को सुफलसाई गांव की एक लड़की का मोबाइल घर से गायब हो गया था।
लड़की ने जब अपने नंबर पर काल किया तो चक्रधरपुर की लड़की ने उठाया। सुफलसाई की लड़की ने कहा कि ये मोबाइल मेरा है। तुम्हें कहां से मिला। इसे वापस कर दो। गुरुवार को चक्रधरपुर से लड़की मोबाइल देने बस से चाईबासा आई थी। उसे लेने के लिए सुफलसाई वाली लड़की का पड़ोसी राहुल रोशन बानरा बस स्टैंड पहुंच गया।
इसके बाद उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा कर सुफलसाई ले आया और कहा कि जिस-जिस का मोबाइल चोरी हुआ है, इससे ले लो। इसके बाद सुजीत व राजेश नामक युवक के साथ मिलकर उसका सिर मुड़वा दिया। गांव वालों ने उसे पीटा भी। गांव वाले लड़की को लेकर थाना ला रहे थे मगर बीच रास्ते से लौट गए। इस संबंध में पुलिस ने राहुल, सुजीत व राजेश के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कुछ अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
