टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान; 25 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ए-2 एसी कोच में धुतरा स्टेशन के पास आग लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई। रेलवे ...और पढ़ें

चक्रधरपुर रेलमंडल के धुतरा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन के ए-2 वातानुकूलित कोच से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
HighLights
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग।
धुतरा स्टेशन के पास यात्रियों में दहशत फैल गई।
रेलवे कर्मियों ने आग बुझाकर बड़ा हादसा टाला।
जासं, चक्रधरपुर। टाटानगर से एर्नाकुलम जा रही टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में रविवार को बड़ा हादसा टल गया।
चक्रधरपुर रेलमंडल के धुतरा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन के ए-2 वातानुकूलित (AC) कोच से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत और अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई यात्री तुरंत अपनी सीट छोड़कर नीचे उतर गए।
धुतरा स्टेशन के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18189 रविवार सुबह करीब 11 बजे अपने निर्धारित सफर पर थी। जब यह ट्रेन धुतरा स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी ए-2 कोच में तकनीकी खराबी के चलते आग लग गई।
कोच के अंदर धुआं भरता देख यात्रियों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
समय रहते पाया गया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही रेलकर्मी तुरंत हरकत में आए। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा लिए जाने के कारण इसे अन्य कोचों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के कारण ट्रेन धुतरा स्टेशन के पास लगभग 25 मिनट तक खड़ी रही। सुरक्षा जांच पूरी होने और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ट्रेन को झारसुगुड़ा की ओर रवाना किया गया। सुरक्षित आगे की यात्रा शुरू होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।