तांतनगर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा की संदिग्ध मौत, बाथरूम में गिरने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
तांतनगर के पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका प्लस टू विद्यालय में आठवीं की छात्रा स्नेहा तांती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

तांतनगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जहां आठवीं कक्षा की छात्रा की असामयिक मौत के बाद गमगीन माहौल है।
HighLights
छात्रा स्नेहा तांती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत।
बाथरूम में गिरने के बाद तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मृत घोषित।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा।
संसू, तांतनगर (पश्चिमी सिंहभूम)। पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका प्लस टू विद्यालय, तांतनगर में आठवीं कक्षा की छात्रा स्नेहा तांती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
छोटा दाड़ीमा गांव निवासी वीरू तांती की पुत्री स्नेहा की अचानक हुई इस मौत से जहां एक ओर परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं विद्यालय की अन्य छात्राओं में भी भय और शोक का माहौल व्याप्त है।
बाथरुम में गिरने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
विद्यालय की वरीय शिक्षिका फूलमती कुमारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे स्नेहा बाथरूम गई थी, जहां वह अचानक गिर पड़ी।
उसे गिरता देख सहेलियों ने उठाकर उसके बेड पर पहुंचाया और बिस्कुट खिलाया। कुछ देर बाद जब शिक्षिका खुद वहां पहुंचीं और छात्रा की तबीयत के बारे में पूछा, तो स्नेहा ने खुद को पूरी तरह ठीक बताया।
इसके बाद उसने नमकीन भी खाई और अपने बिस्तर पर आराम करने चली गई। हालांकि, रात में जब सहेलियां उसे भोजन करने के लिए जगाने पहुंचीं, तो वह बेहोशी की हालत में मिली।
अस्पताल ले जाने के दौरान आई मुश्किलें
छात्रा की गंभीर स्थिति को देखकर विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत पास के गांव के एंबुलेंस चालक और परिजनों को सूचना दी। हालांकि, क्षेत्र में हाथियों के विचरण का भय होने के कारण परिजनों ने रात में आने में असमर्थता जताई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए विद्यालय की ओर से परिजनों को लाने के लिए विशेष वाहन भेजा गया। काफी मशक्कत के बाद छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तांतनगर पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। चिकित्सकों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परीक्षा देने गई थीं वार्डन
घटना के समय विद्यालय की वार्डन शशि कुमारी जेटेट (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) देने गई हुई थीं। उनकी अनुपस्थिति में वरीय शिक्षिका ने पूरी स्थिति संभाली और अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया की निगरानी की।
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य जवाहर बोयपाई, प्रखंड प्रमुख चांदमनी सिरका, तांतनगर पंचायत की मुखिया तुराम बिरुली और कोकचो पंचायत की मुखिया मानिला देवगम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढ़स बंधाया। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।