एनएच-75 पर देर रात भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक को ओवरटेक करने में हाईवा ने छात्र को रौंदा, मौत
चक्रधरपुर में एनएच-75 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 12वीं के छात्र जयपाल पूर्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वह पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आ गया।

पोटका तालाब के समीप रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई।
HighLights
चक्रधरपुर में एनएच-75 पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
12वीं कक्षा के छात्र जयपाल पूर्ति की मौके पर मौत।
खड़े ट्रक को ओवरटेक करते समय हाईवा ने रौंदा।
जासं, चक्रधरपुर। एनएच-75 पर पोटका तालाब के समीप रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र जयपाल पूर्ति (18) की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा पहले से हुई एक दुर्घटना के बाद खड़ा किए गए ट्रक को पार करने के दौरान हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोइलकेरा प्रखंड के खजुरिया गांव निवासी जयपाल पूर्ति चाईबासा के लुपुंगुटू स्थित सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज में कॉमर्स संकाय का छात्र था।
वह चक्रधरपुर के टीकाचांपी में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता का नाम रमेश चंद्र पूर्ति है। बताया जाता है कि जयपाल रविवार रात करीब 12 बजे अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था।
परिजनों के मुताबिक, उसके भाई ने देर रात बाहर जाने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना। रात करीब दो बजे जब जयपाल एनएच-75 स्थित पोटका तालाब के पास पहुंचा, तो वहां पहले ही दो ट्रकों के बीच भिड़ंत हो चुकी थी।
इस टक्कर के बाद एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक सड़क पर ही खड़ा था, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जयपाल ने सड़क पर खड़े उसी ट्रक को पार करने के लिए मोटरसाइकिल से ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इसी दौरान विपरीत या तेज रफ्तार से आ रहे एक हाईवा ने उसकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जयपाल की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए तनाव और भीड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।
जयपाल की असामयिक मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव खजुरिया पहुंची, वहां मातम पसर गया। माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने अपने बेटे को पढ़ा-लिखाकर एक बेहतर भविष्य देने का सपना संजोया था, लेकिन देर रात हुए इस सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।