चुनाव पेज-- मौके मिला तो करूंगा समुचित विकास : कालीचरण
खूंटी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा ने सोमवार को खरसावां क्षेत्र का दौरा किया।
जासं, खरसावां : खूंटी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा ने सोमवार को खरसावां क्षेत्र का दौरा किया। झाविमो, झामुमो, कांग्रेस व राजद के नेता व आम लोगों से मिल कर समर्थन की अपील की। खरसावां पहुंच कर शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
खरसावां में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कालीचरण मुंडा ने कहा कि जनता ने मौका दिया तो खूंटी क्षेत्र का समुचित विकास करूंगा। कहा कि भाजपा ने देश को ठगने का कार्य किया है। पीएम मोदी ने देख को खोखला कर दिया है। कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह व जनता में भाजपा के खिलाफ नाराजगी देख कर कह सकते हैं कि खूंटी से इस बार कांग्रेस जीतेगी।
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि अर्जुन मुंडा विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक रहे, लेकिन खरसावां का विकास नहीं कर सके। भाजपा के नेता क्षेत्र में तरह तरह की बातें कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कोलेबिरा विधायक नवल विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि इस बार कांग्रेस के पक्ष में आंधी बह रही है। इस मौके पर रमा खलखो, छोटराय किस्कू, शंभू मंडल, देव प्रकाश देवता, डॉ प्रकाश उरांव, सन्नी सिकु, अंबर राय चौधरी, पूर्व सांसद डीपी जामुदा, प्रेमेंद्र मिश्रा, मोसाहिद खान, पातर हेंब्रम, राहुल आदित्य उपस्थित थे।