जूनियर विश्व कप की संभावित महिला फुटबॉल टीम में जोड़ा की मनीषा का नाम
ओडिशा के जोड़ा नगर की एक सामान्य परिवार में जन्मी मनीषा नायक को 17 वर्ष से कम आयु वाले महिला विश्व फुटबॉल टीम के लिए चयनित 35 संभावित खिलाड़ियों में शामिल किया गया है।
संवाद सूत्र, बड़बिल : ओडिशा के जोड़ा नगर की एक सामान्य परिवार में जन्मी मनीषा नायक को 17 वर्ष से कम आयु वाले महिला विश्व फुटबॉल टीम के लिए चयनित 35 संभावित खिलाड़ियों में शामिल किया गया है। इस चयन से पिता मुरलीधर नायक, माता मुगुनी नायक, जोड़ा और आसपास के क्रीड़ा प्रेमी व स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। जोड़ा बस्ती में पली बढ़ी मनीषा क्रीड़ा छात्रावास में रहकर पढ़ती है वह सुंदरगढ़ टाउन उच्च विद्यालय में 9वीं कक्षा की छात्रा है। भारत सरकार द्वारा चयनित मनीषा गत वर्ष मई में 17 वर्ष से कम आयु की महिला विश्व फुटबॉल के लिए संभावित भारतीय टीम के लिए मनोनीत होने के बाद, वर्तमान में गोवा में प्रशिक्षण ले रही है। आगामी नवंबर में भारत में होने वाली 17 वर्ष से कम आयु की महिला विश्व फुटबॉल प्रतियोगिता में मनीषा नायक के भाग लेने की यथेष्ठ संभावना है। कुछ दिन पूर्व, गोवा से अपने घर लौटने पर मनीषा नायक ने अपनी प्रतिभा को निखारने और टीम में शामिल होने के लिए अथक और कड़ी परिश्रम करने की जानकारी साझा करते हुए बताया था कि जोड़ा नगर में भी प्रतिभा से भरे खिलाडि़यों की कमी नहीं है। उपयुक्त प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षण दिए जाने पर स्थानीय युवा- युवती राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकते हैं।