पग में पनही, हर तन वसन,मत करें टेंशन
संवाद सूत्र, बंदगांव : पग में पनही -जूते- और हर तन पर वसन- कपड़ा-,मत करें टेंशन। जी हां, यह
संवाद सूत्र, बंदगांव : पग में पनही -जूते- और हर तन पर वसन- कपड़ा-,मत करें टेंशन। जी हां, यह सुखद खबर आई पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड से जहां तेल मिल और टेंट हाउस उद्घाटन के बाद अब कपड़ा और जूता बैंक की स्थापना की गई है। प्रखंड की महिला प्रसार पदाधिकारी डॉक्टर आरती कुमारी की पहल पर यह सभी काम हो रहे हैं। मंगलवार को प्रखंड परिसर में कपड़ा और जूता बैंक का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य जोसफीन हमसाय, मेरोमगुटू पंचायत के मुखिया चरण मुंडरी व सावनियां के मुखिया जीवन मुंडरी ने संयुक्त रूप से किया। बैंक खुलते ही असहाय और जरूरतमंद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिसमें दिव्यांग महिला, वृद्ध के बीच शॉल, साड़ी, पैंट-शर्ट, स्वेटर व चादर का वितरण किया गया। यह सभी कपड़े लोगों द्वारा दान दिए गए हैं। कपड़ों का संग्रह स्वयं डॉक्टर आरती कुमारी ने लोगों के द्वार-द्वार जाकर किया है। बंदगांव जैसे पिछड़े प्रखंड में कपड़ा और जूता बैंक स्थापना का आइडिया एलईओ डॉक्टर आरती कुमारी का ही रहा है। जिप सदस्य जोसफीन हमसाय ने बताया कि मैडम के कारण ही बंदगांव में कपड़ा और जूता बैंक का सपना साकार हो पाया है। इससे यहां के गरीब और जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलेगा। बताया कि एलईओ मैडम ने स्वयं कड़ी मेहनत कर बैंक खुलने के पूर्व ही 27 थैला कपड़ा और बैग में जूता लेकर आई।
एलईओ ने बताया कि गरीबों की जरूरत को देखते हुए कपड़ा और जूता बैंक की स्थापना की गई है। उन्होंने स्थानीय लोगों के अलावा चक्रधरपुर, कराईकेला, मुरहू, खूंटी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बैंक के संचालन के लिए आप अपने वैसे कपड़ा और जूता बैंक को दान करें जो आप इस्तेमाल नहीं करते हैं। छोटे और पुराने कपड़ा-जूता भी दान कर सकते हैं। उन्होंने बंदगांव प्रखंड के कर्मचारी और पदाधिकारियों से भी इसमें योगदान देने की अपील की। मौके पर कुंवारी मुंडरी, प्रमोदित हापतगाड़ा, रघुनाथ सांडिल्य, मेघनाथ प्रधान आदि मौजूद रहे।