Indian Railways: मुंबई लौटने वाले यात्रियों की राह हुई आसान, 19 नवंबर को शालीमार से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन; देखें पूरा शेड्यूल
रेलवे ने छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए शालीमार और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।

रेलवे प्रशासन ने शालीमार और महाराष्ट्र के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) मुंबई के बीच एक-एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
HighLights
शालीमार से मुंबई के लिए 19 नवंबर को प्रस्थान।
झारखंड, ओडिशा, बंगाल यात्रियों को मिलेगी राहत।
जासं, चक्रधरपुर । छठ महापर्व के समापन के बाद अपने कार्यस्थलों और महानगरों की ओर लौटने वाले रेल यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम बंगाल के शालीमार और महाराष्ट्र के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) मुंबई के बीच एक-एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
इस पहल से झारखंड के कोल्हान प्रमंडल समेत ओडिशा और बंगाल के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ट्रेन की समय-सारणी :
- ट्रेन संख्या 08060 (शालीमार-एलटीटी मुंबई स्पेशल): यह विशेष ट्रेन 19 नवंबर को रात 9:00 बजे शालीमार स्टेशन से प्रस्थान करेगी। विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए यह तीसरे दिन सुबह 6:10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 08059 (एलटीटी मुंबई-शालीमार स्पेशल): वापसी दिशा में यह ट्रेन 21 नवंबर को सुबह 11:10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन रात 9:00 बजे शालीमार स्टेशन पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में इस विशेष ट्रेन का कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।
इनमें संतरागाछी, खड़गपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशन प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से टाटानगर, चक्रधरपुर और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई आने-जाने के लिए सीधा विकल्प मिल गया है।
नियमित ट्रेनों में कम होगा यात्रियों का दबाव
छठ महापर्व के बाद महानगरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है।
ऐसे में रेलवे की यह विशेष पहल नियमित ट्रेनों में यात्रियों के अतिरिक्त दबाव को कम करने में मददगार साबित होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व आरक्षण और ट्रेन की अद्यतन समय-सारणी की जानकारी अवश्य जांच लें।