दो बसों में लगी थी आगे निकलने की होड़, अचानक हुआ ऐसा Chaibasa News
पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव में दो बसों में आगे निकलने की होड़ में एक तीसरा वाहन बीच में आ गया और उसके परखच्चे उड़ गए। चालक मौत से संघर्ष कर रहा है।
बंदगांव (पश्चिमी सिंहभूम), जेएनएन। दो बसों में आगे निकलने की होड़ लगी थी। इसी बीच तीखे मोड़ पर ऐसा हुआ कि बसों में सवार लोगों के होश उड़ गए। हालांकि, शुक्र रहा कि बस सवार को कुछ नहीं हुआ, लेकिन बीच में आए तीसरे वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस वाहन का चालक अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रहा है।
यह वाकया है कि पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थाना इलाके का। रांची-चाईबासा मार्ग पर हिरणी फॉल के करीब हुई इस दुर्घटना की जानकारी एक बस के सवार ने ही पुलिस तक पहुंचाई और सूचना के बाद तुरंत थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया।
रांची जा रही थी दोनों बस
बस पर सवार लोगों ने बताया कि चाईबासा से राधेश्याम और मनीला नामक बस रांची जा रही थी। दोनों में आगे निकलने की होड़ मची थी। पहले एक आगे निकल जाती तो उसके बाद दूसरा। इसी दौरान राधेश्याम बस आगे निकल गई और हिरणी फॉल का तीखा मोड़ आ गया। रांची से चाईबासा की ओर जा रही बिजली उपकरणों से लदा मैजिक वाहन मनीला बस की चपेट में आ गया। मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस पर सवार लोगों ने ही चालक को उठाकर सड़क किनारे किया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चालक की स्थिति गंभीर बताई गई है।