विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन मैनेजरों के रिफ्रेशर कोर्स में रेलवे बोर्ड ने किया बदलाव, अब पास-फेल की जगह मिलेगी ग्रेडिंग

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:01 PM (IST)

रेलवे बोर्ड ने ट्रेन मैनेजरों के रिफ्रेशर प्रशिक्षण मूल्यांकन प्रणाली में बदलाव किया है। अब पास-फेल की जगह अंकों पर ...और पढ़ें

ट्रेन मैनेजरों के रिफ्रेशर कोर्स में रेलवे बोर्ड ने किया बदलाव, अब पास-फेल की जगह मिलेगी ग्रेडिंग (AI Generated Image)

ट्रेन मैनेजरों के रिफ्रेशर कोर्स में रेलवे बोर्ड ने किया बदलाव, अब पास-फेल की जगह मिलेगी ग्रेडिंग (AI Generated Image)

HighLights

  1. ट्रेन मैनेजरों के मूल्यांकन में बदलाव लागू।

  2. पास-फेल की जगह अब ग्रेडिंग प्रणाली।

  3. सुरक्षा और प्रशिक्षण सुधार मुख्य उद्देश्य।

रूपेश कुमार विक्की, चक्रधरपुर। रेलवे में ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) के रिफ्रेशर प्रशिक्षण के मूल्यांकन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। काकोदकर समिति की सिफारिशों के आधार पर अब कोर्स के बाद ट्रेडिशनल पास या फेल सिस्टम व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

इसकी जगह अब अंकों के आधार पर पारदर्शी ग्रेडिंग प्रणाली लागू की गई है। रेलवे बोर्ड की उपनिदेशक अवस्थापना एवं प्रशिक्षण नीलम शर्मा की ओर से 13 अक्टूबर को जारी आदेश तत्काली प्रभाव से सभी रेलवे जोन में लागू होगा।

जारी आदेश के मुताबिक, नई मूल्यांकन प्रणाली के तहत ट्रेन मैनेजरों को उनके प्रदर्शन के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा जाएगा।

80 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वालों को ग्रेड ए, 60 से 80 अंक से कम प्राप्त करने वालों को ग्रेड बी और 60 अंक से कम प्राप्त करने वालों को ग्रेड सी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण में सुधार, कमियों की पहचान और रेल परिचालन में सुरक्षा मजबूत करना है।

ग्रेड बी और सी वालों के लिए अलग व्यवस्था:

रेलवे बोर्ड ने निर्देश दिया है कि ग्रेड बी प्राप्त करने वाले ट्रेन मैनेजरों को लॉबी प्रभारी, स्टेशन प्रबंधक अथवा संबंधित पर्यवेक्षक नियमित रूप से परामर्श देंगे। इस काउंसलिंग का रिकॉर्ड लॉबी स्तर पर रखा जाएगा तथा इसकी समेकित रिपोर्ट समय-समय पर मंडल कार्यालय को भेजी जाएगी।

वहीं, ग्रेड सी प्राप्त करने वाले ट्रेन मैनेजरों को विशेष निगरानी में रखा जाएगा। उनके लिए मंडल स्तर पर व्यवस्थित काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा सुरक्षा सेमिनारों, सुरक्षा अभियानों और अन्य परामर्श कार्यक्रमों में उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षा संबंधी दक्षता में सुधार किया जा सके।

प्रत्येक ट्रेन मैनेजर के लगातार पांच मूल्यांकनों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और हर मूल्यांकन की पुष्टि कर्मचारी से कराई जाएगी। रिकॉर्ड और योग्यता प्रमाणपत्र अगले रिफ्रेशर कोर्स के समय प्रशिक्षण केंद्र भेजे जाएंगे। ग्रेडिंग अगले रिफ्रेशर कोर्स तक मान्य रहेगी।

यह भी पढ़ें- बक्सर और आरा होकर चलेंगी 3 वीकली स्पेशल ट्रेनें, रेलवे ने जारी किया पूरा शेड्यूल