रेलवे बोर्ड का बड़ा फैसला: दो साल में टाइपिंग टेस्ट पास न करने पर नहीं जाएगी स्काउट एंड गाइड कोटे के क्लर्कों की नौकरी
रेलवे बोर्ड ने स्काउट एंड गाइड कोटे के तहत नियुक्त क्लर्कों के लिए राहत भरा आदेश जारी किया है। अब दो साल में टाइपिंग टेस्ट पास न कर पाने पर सीधे सेवा समाप्त नहीं की जाएगी, जिससे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के बाद उन कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है जिनकी नौकरी पर टाइपिंग दक्षता हासिल न कर पाने के कारण संकट मंडरा रहा था।
HighLights
टाइपिंग टेस्ट में फेल होने पर सीधी सेवा समाप्ति नहीं होगी।
दो साल की अवधि में दक्षता न होने पर भी नौकरी रहेगी।
रेलवे बोर्ड के पूरक आदेश से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली।
जासं, चक्रधरपुर। भारतीय रेलवे में स्काउट एंड गाइड कोटे के तहत नियुक्त क्लर्कों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।
निर्धारित दो साल की समयसीमा में टाइपिंग टेस्ट पास नहीं कर पाने वाले कर्मचारियों की अब केवल इसी आधार पर सीधे सेवा समाप्त नहीं की जा सकेगी।
रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में पूरक आदेश जारी कर पूर्व के निर्देशों की स्थिति स्पष्ट कर दी है, जिससे उन कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है जिनकी नौकरी पर टाइपिंग दक्षता हासिल न कर पाने के कारण संकट मंडरा रहा था।
रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर/ई (एनजी) गोविंद कुमार ने 11 नवंबर को यह पूरक आदेश जारी किया। 16 जनवरी 2017 को जारी निर्देशों में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 29 सितंबर 1992 के आदेशों के अनुरूप टाइपिंग परीक्षा से छूट, वेतनवृद्धि जारी रखने और अन्य संबंधित प्रावधानों को अपनाने की व्यवस्था की गई थी।
मास्टर परिपत्र में छूट से पैदा हुआ था भ्रम
दरअसल, 16 जनवरी 2017 के निर्देशों के बाद जारी मास्टर परिपत्र संख्या-7 में इन प्रावधानों को शामिल नहीं किया गया था।
इसके चलते क्षेत्रीय और मंडल स्तर पर संबंधित कर्मचारियों के मामलों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी और असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब रेलवे बोर्ड के नए पूरक आदेश से इस भ्रम को दूर कर दिया गया है।
नए स्पष्टीकरण के तहत यह तय किया गया है कि यदि स्काउट एंड गाइड कोटे के तहत नियुक्त क्लर्क निर्धारित दो साल की अवधि में टाइपिंग दक्षता हासिल नहीं कर पाते हैं, तो उनके खिलाफ सीधे सेवा समाप्ति की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इस निर्णय से बड़ी संख्या में कार्यरत कर्मचारियों को संभावित नौकरी जाने के खतरे से राहत मिलने की उम्मीद है।
टाइपिंग परीक्षा से स्वतः पूर्ण छूट नहीं
रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में यह भी साफ किया है कि सेवा समाप्ति पर रोक लगने का अर्थ टाइपिंग परीक्षा से स्वतः पूर्ण छूट मिलना नहीं है।
ऐसे कर्मचारियों के मामलों में 16 जनवरी 2017 को जारी निर्देशों के प्रावधान ही प्रभावी रहेंगे। टाइपिंग परीक्षा से छूट, वेतनवृद्धि जारी रखने और अन्य अनुषांगिक सुविधाओं का लाभ भी इन्हीं नियमों के तहत निर्धारित किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड के इस स्पष्टीकरण से स्काउट एंड गाइड कोटे के क्लर्कों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही, सेवा शर्तों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर चल रहा अनावश्यक असमंजस समाप्त होने का रास्ता भी साफ हो गया है।