NFSA Card Verification: रेलवे बोर्ड की सख्ती, सब्सिडी का लाभ लेने वाले कर्मचारियों को सरेंडर करना होगा राशन कार्ड
रेलवे प्रशासन ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड से सब्सिडी का लाभ ले रहे कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई शुरू की है।

चक्रधरपुर मंडल के 2,321 कर्मचारियों को NFSA राशन कार्ड सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट 30 नवंबर तक रेलवे बोर्ड को भेजनी है।
HighLights
रेलवे ने NFSA राशन कार्ड सब्सिडी दुरुपयोग पर सख्ती की।
चक्रधरपुर के 2,321 कर्मचारियों को कार्ड सरेंडर करने का निर्देश।
पात्रता सत्यापन और घोषणा पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू।
जासं, चक्रधरपुर। रेलवे में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राशन कार्ड से खाद्यान्न सब्सिडी का लाभ लेने के मामलों पर रेलवे प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है।
रेलवे बोर्ड के निर्देश के आलोक में दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय के कार्मिक विभाग ने चक्रधरपुर रेल मंडल के 2,321 ऐसे कर्मचारियों की सूची जारी की है, जिन्हें एनएफएसए राशन कार्ड सरेंडर करने के लिए निर्देशित किया गया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा 11 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी कर आवश्यक और त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। इसके तहत बोर्ड से प्राप्त सूची के आधार पर रेलकर्मियों और एनएफएसए राशन कार्ड धारकों के नामों का मिलान कर उनका भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
सैंपल जांच और घोषणा पत्र अनिवार्य
रेलवे प्रशासन द्वारा नमूना जांच (सैंपल वेरिफिकेशन) के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी रेलकर्मी अपात्र होने के बावजूद सरकारी खाद्य सहायता या सब्सिडी का लाभ तो नहीं ले रहा है।
निर्देशों के अनुसार, जो रेल कर्मचारी एनएफएसए के तहत किसी भी प्रकार का लाभ नहीं ले रहे हैं, उन्हें एक निर्धारित प्रपत्र में अपना घोषणा पत्र भरकर अपने संबंधित कार्यालय में जमा कराना होगा।
30 नवंबर तक रिपोर्ट भेजने का सख्त निर्देश
रेलवे प्रशासन ने इस पूरी प्रक्रिया को अत्यंत संवेदनशील और प्राथमिकता वाला कार्य बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी 30 नवंबर तक हर हाल में कार्रवाई पूरी कर अपनी रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।
इसके पश्चात मंडल स्तर से यह रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को अग्रेषित की जाएगी। इस सख्ती से रेल महकमे में उन कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है जो पात्रता मानदंडों के विरुद्ध जाकर राशन कार्ड का लाभ ले रहे थे।