चाईबासा: हथकड़ी और रस्सी समेत किरीबुरू थाने से भागा आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार, टूटी हथकड़ी बरामद
पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरू थाना से हथकड़ी और रस्सी सहित फरार हुआ 19 वर्षीय अफताब खान 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

थाने से भागा आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार
HighLights
19 वर्षीय अफताब खान किरीबुरू थाने से हथकड़ी सहित फरार हुआ।
पुलिस ने 72 घंटे के भीतर आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया।
टूटी हथकड़ी, कटी रस्सी और लोहे का संबंल बरामद हुआ।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना से हथकड़ी और रस्सी लगे हालत में पुलिस को चकमा देकर फरार हुए 19 वर्षीय अफताब खान उर्फ टेंटर को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी किरीबुरू थाना क्षेत्र के मेन मार्केट निवासी जमीर हुसैन का पुत्र है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को अफताब को किरीबुरू थाना कांड संख्या 15/26 में पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी और रस्सी लगे अवस्था में थाना से फरार हो गया। घटना को लेकर किरीबुरू थाना कांड संख्या 16/26 दर्ज किया गया।
72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर टूटी हुई हथकड़ी और कटी हुई रस्सी बरामद की गई। इसके अलावा एक 2.5 फीट लंबा लोहे का संबंल भी बरामद हुआ है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ बिनित कुमार किंडो, पुलिस निरीक्षक समीर तिर्की, थाना प्रभारी रोहित कुमार, थाना प्रभारी नितिश कुमार, पुअनि पियू नाग, पुअनि जिरते कुमार सहित किरीबुरू थाना, गुवा थाना और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें- हावड़ा-मुंबई रूट पर पटरियों पर आया 11 हाथियों का झुंड, डेढ़ घंटे थमे रहे आजाद हिंद सहित कई ट्रेनों के पहिए
